
मॉस्को. राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की चेतावनी का असर रूस में खासतौर से देखने को मिल रहा है। रिजर्विस्ट यानी आरक्षित सैनिकों की तैनाती के ऐलान के बाद बड़ी संख्या में रूसी नागरिकों ने देश छोड़ना शुरू कर दिया है। इसकी गवाही रूस के बाहर जा रही उड़ानों में बुकिंग के आंकड़े दे रहे हैं। खबर है कि यात्री रूस से निकलने के लिए वन-वे टिकट बुक करा रहे हैं, जिसके चलते कीमतों में भी खासा इजाफा हुआ है। दरअसल, राष्ट्रपति की तरफ से जारी चेतावनी के बाद रूस के नागरिकों को मार्शल लॉ का डर सता रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्हें चिंता है कि ऐसा होने पर लड़ने की उम्र वाले पुरुषों को रूस छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। पुतिन ने 25 फरवरी को यूक्रेन के खिलाफ सैन्य कार्रवाई का ऐलान कर दिया था।
