गुरु पूर्णिमा पर महर्षि विद्या मंदिर में आध्यात्मिक जनजागरण अभियान

सामूहिक सुंदरकांड व हनुमान चालीसा पाठ का भी हुआ आयोजन
महासमंद। ग्राम मचेवा स्थित महर्षि विद्या मंदिर के प्रांगण में गुरु पूर्णिमा एवं महर्षि आध्यात्मिक जनजागरण अभियान के अंतर्गत सामूहिक सुंदरकांड पाठ एवं हनुमान चालीसा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य आरके तिवारी एवं अतिथियों के रूप में शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय की प्राचार्य करुणा दुबे एवं डॉ. रीता पांडेय (विभाग अध्यक्ष) के साथ विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।
गुरुपूजन की प्रक्रिया विद्यालय के शिक्षक सुभाषचंद्र पांडेय व सरस्वती वंदना का गायन विद्यालय की संगीत शिक्षिका भीमेश्वरी साहू ने किया। स्वागत उद्बोधन में विद्यालय के प्राचार्य आरके तिवारी ने कहा कि संस्कृत में गुरु का अर्थ होता है अंधकार को दूर करने वाला। गुरु केवल एक शिक्षक नहीं होता, बल्कि हमारे जीवन का मार्गदर्शक भी होता है। ज्ञान और बुद्धि देने से लेकर अपने शिष्यों में अच्छे संस्कार और मूल्य स्थापित करने तक, गुरु हमारे विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। भारत में हम अपने श्रेष्ठ गुरुजनों के प्रति आभार और सम्मान व्यक्त करने के लिए गुरु पूर्णिमा मनाते हैं। अतिथि के रूप में उपस्थित करुणा दुबे ने बताया कि गुरु पूर्णिमा शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच विश्वास और सम्मान के मजबूत बंधन का उत्सव है। यह हमारे शिक्षकों को धन्यवाद करने का अवसर है, जिन्होंने हमें नि:स्वार्थ भाव से ज्ञान और कौशल सिखाए। अतिथि डॉ. रीता पांडेय ने कहा कि आज हम गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर एकत्र हुए हैं, जो हमारे जीवन में गुरुओं के योगदान को याद करने और उन्हें सम्मान देने का दिन है। यह पर्व आषाढ़ माह की पूर्णिमा को मनाया जाता है और इसे महर्षि वेदव्यास की जयंती के रूप में भी जाना जाता है। गुरु वह दीपक है जो हमारे जीवन के अंधकार को दूर करके हमें सफलता की राह दिखाते हैं। वे हमारे चरित्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्राचीनकाल से ही भारत में गुरु को सर्वोच्च स्थान दिया गया है गुरु ब्रह्मा, गुरु विष्णु, गुरु देवो महेश्वर: इस मंत्र से गुरु की महानता झलकती है। अंत में उन्होंने माता पिता को प्रथम गुरु बताते हुए उन्हें प्रणाम करने का संदेश प्रदान किया।
सुंदरकांड पाठ का आयोजन
महर्षि आध्यात्मिक जनजागरण अभियान के अंतर्गत सामूहिक सुंदरकांड पाठ एवं हनुमान चालीसा पाठ विद्यालय के प्राचार्य, अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम, गायन व भाषण की प्रस्तुति ने समस्त शिक्षकों एवं अतिथियों के मन को हर्षित किया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के शिक्षक नंदकुमार साहू और दुष्यंत साहू एवं ज्योत्सना शर्मा व आभार प्रदर्शन शिक्षक गोविंद सिंह ठाकुर ने किया।