युवा उत्सव में लोकनृत्य से रॉक बैंड तक दिखेगी प्रतिभाओं की रंगत
13 नवंबर को खैरा के अंबेडकर मांगलिक भवन में जिला स्तरीय आयोजन, आठ विधाओं में होगा मुकाबला
महासमुंद। जिले की युवा प्रतिभाओं को अपनी कला, रचनात्मकता और सांस्कृतिक विरासत प्रदर्शित करने का मंच देने के लिए जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा 13 नवंबर को जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम सुबह 11 बजे से खैरा स्थित डॉ. बीआर अंबेडकर मांगलिक भवन में शुरू होगा। इसमें लोक संस्कृति, साहित्य, कला, अभिनय और आधुनिक रचनात्मकता से जुड़ी आठ विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी होंगी। इसके अलावा विधायकगण, जनप्रतिनिधि तथा प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी भी शामिल होंगे।
आयोजन का उद्देश्य युवाओं के बीच पारस्परिक एकीकरण, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और एकता की भावना को मजबूत करना है। प्रतियोगिताओं में शामिल होने के लिए प्रतिभागियों की आयु 15 से 29 वर्ष तथा संगतकारों की आयु 18 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 17 अगस्त 2026 की स्थिति में होगी। एक प्रतिभागी केवल एक विधा में हिस्सा ले सकेगा।
युवा उत्सव में लोकनृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, कविता लेखन, पारंपरिक वेशभूषा, क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज और रॉक बैंड की प्रतियोगिताएं होंगी। लोकनृत्य और लोकगीत में सात-सात सदस्यीय दल के साथ तीन अतिरिक्त संगतकार शामिल हो सकेंगे। लोकनृत्य की प्रस्तुति 5 से 8 मिनट की होगी तथा रिकॉर्डेड संगीत मान्य नहीं होगा। लोकगीत भारतीय क्षेत्रीय भाषाओं में प्रस्तुत किए जा सकेंगे, लेकिन फिल्मी गीतों की अनुमति नहीं होगी।
चित्रकला प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को ए-3 आकार के पोस्टर पर चित्र बनाने के लिए तीन घंटे तथा कविता लेखन के लिए 90 मिनट का समय मिलेगा। कविता हिंदी, अंग्रेजी अथवा किसी भारतीय क्षेत्रीय भाषा में लिखी जा सकेगी। नुक्कड़ नाटक में अधिकतम 10 सदस्य शामिल होंगे। प्रस्तुति के लिए सात मिनट और मंच व्यवस्था के लिए तीन मिनट निर्धारित हैं।
क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज में ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित छत्तीसगढ़’ थीम पर अधिकतम 60 सेकंड की मौलिक रील बनानी होगी। इसे व्यक्तिगत इंस्टाग्राम अकाउंट से पोस्ट कर जिला कलेक्ट्रेट के आधिकारिक अकाउंट को टैग करना तथा निर्धारित हैशटैग का उपयोग करना अनिवार्य होगा। पारंपरिक वेशभूषा में छत्तीसगढ़ की संस्कृति की झलक प्रस्तुत करनी होगी। वहीं रॉक बैंड में अधिकतम 10 सदस्य शामिल हो सकेंगे और प्रस्तुति के लिए 20 मिनट मिलेंगे। ट्रैक या कराओके पर गायन मान्य नहीं होगा तथा वाद्ययंत्र प्रतिभागियों को स्वयं लाने होंगे।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लोकनृत्य के शीर्ष दो दल राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। आयोजन एवं पंजीयन संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए खेल अधिकारी मनोज कुमार धृतलहरे से मोबाइल नंबर 9617500748 पर संपर्क किया जा सकता है।
