तीन युवतियां घर से लापता, अपहरण की आशंका से पुलिस जांच तेज
महासमुंद। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन युवतियों के घर से लापता होने के मामले सामने आए हैं। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी और अपहरण की आशंका के तहत जांच शुरू की है।पहला मामला पिथौरा थाना क्षेत्र का है। यहां 21 वर्षीय युवती चंद्रिका यादव 1 नवंबर की रात करीब 2 बजे घर से कहीं चली गई। परिजनों ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई है।
दूसरा मामला कोमाखान थाना क्षेत्र का है। ग्राम कुलिया निवासी 26 वर्षीय युवती योगेश्वरी सेन 9 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे घर से लापता हो गई। परिजनों ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपहरण कर ले जाने की आशंका जताई है। तीसरा मामला भी कोमाखान थाना क्षेत्र का है। ग्राम टेमरी निवासी 35 वर्षीय उर्मिला बाई केंवट 9 नवंबर को सुबह करीब 10 बजे घर से लापता हो गई। परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस तलाश में जुटी है।
