दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना से सरिता वर्मा बनी आत्मनिर्भर
– बढ़ा आत्मविश्वास और आमदनी
राजनांदगांव 07 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा श्रमिकों के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। इन्हीं योजनाओं में शामिल दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसी कड़ी में राजनांदगांव शहर के शांति नगर वार्ड क्रमांक 4 की निवासी श्रीमती सरिता वर्मा को दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना के तहत ई-रिक्शा क्रय करने के लिए 1 लाख 47 हजार रूपए की सहायता राशि प्रदान की गई।
श्रीमती सरिता वर्मा ने बताया कि दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना के तहत प्राप्त सहायता राशि से ई-रिक्शा खरीदने में आर्थिक मदद मिली। उन्होंने ई-रिक्शा चलाकर स्वरोजगार मिला और नियमित आमदनी प्राप्त होने लगी है। जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने में सहयोग मिल रहा है। इससे उनमें आत्मविश्वास बढ़ा है और परिवार की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने बताया कि पहले परिवार की आर्थिक जरूरतों के लिए अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ता था। श्रीमती सरिता वर्मा ने दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना के तहत ई-रिक्शा खरीदने में आर्थिक मदद के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु भैया के प्रति आभार व्यक्त किया है।
