सिरपुर में विवाद सुलझाने बुलाया, चाकू से गर्दन पर तीन वार
हॉस्टल के पास युवक पर जानलेवा हमला; पीछा कर धमकाने का आरोप, उप सरपंच राजेश ठाकुर समेत तीन गिरफ्तार
महासमुंद। सिरपुर में आपसी विवाद सुलझाने के नाम पर शुरू हुआ घटनाक्रम देर रात चाकूबाजी और जानलेवा हमले में बदल गया। 6 अक्टूबर की रात करीब 9.30 बजे लक्ष्मण मंदिर हॉस्टल के पास एक युवक पर धारदार चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में युवक की गर्दन पर तीन और जांघ पर एक वार किए गए है। घायल युवक जान बचाकर भागा तो आरोपियों ने उसका पीछा कर धमकी भी दी। मामले में पुलिस ने सिरपुर के उप सरपंच एवं भाजपा नेता राजेश ठाकुर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने प्रकरण में बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(3), 109(1) और 3(5) के तहत कार्रवाई की है। घायल की पहचान सिरपुर में संचालित जेपी अस्पताल के संचालक परमानंद साहू के रूप में बताई गई है।
अस्पताल स्टाफ को रास्ते में रोकने से शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार 6 अक्टूबर की रात अस्पताल स्टाफ राकेश साहू खाना खाने के बाद लौट रहा था। इसी दौरान अंबेडकर चौक के पास हरि ध्रुव ने उसे रोक लिया और अपने साथ चलने के लिए कहा। मोटरसाइकिल पर नहीं बैठने पर दोनों के बीच गाली-गलौज होने की बात सामने आई। इसके बाद राकेश साहू ने फोन कर अस्पताल संचालक परमानंद साहू को मौके पर बुलाया। अस्पताल का एक अन्य कर्मचारी टिकेश्वर साहू भी वहां पहुंच गया। दोनों पक्षों को समझाइश देकर उस समय मामला शांत करा दिया गया।
राजेश ठाकुर ने फोन कर पूछा, फिर अस्पताल पहुंचकर दी समझाइश
विवाद की जानकारी मिलने के बाद सिरपुर के उप सरपंच एवं भाजपा नेता राजेश ठाकुर ने पीड़ित पक्ष से फोन पर घटनाक्रम की जानकारी ली। शिकायत के अनुसार इसके बाद वह अस्पताल पहुंचा, जहां राकेश साहू और टिकेश्वर साहू मौजूद थे। राजेश ठाकुर ने दोनों पक्षों से विवाद की जानकारी ली और हरि ध्रुव से माफी मांगकर मामला खत्म करने की बात कही। शिकायत में आरोप है कि हरि ध्रुव ने माफी मांगने से इनकार कर दिया। इसके बाद विवाद को सुलझाने के लिए सभी को अस्पताल के सामने बुलाया गया।
आमना-सामना, चाकू निकलते ही मची अफरा-तफरी
रात करीब 9.30 बजे परमानंद साहू, राकेश साहू और टिकेश्वर साहू के साथ लक्ष्मण मंदिर हॉस्टल के पास पहुंचे। वहां हरि ध्रुव और सूरज मिरी पहले से मौजूद थे। शिकायत के मुताबिक वहां पहुंचते ही हरि ध्रुव ने फिर गाली-गलौज शुरू कर दी और हाथ-मुक्के से मारपीट करने लगा।
इसी दौरान हरि ध्रुव ने कथित तौर पर धारदार चाकू निकाल लिया और जान से मारने की नीयत से परमानंद साहू पर हमला कर दिया। चाकू से गर्दन पर लगातार तीन वार किए गए, जबकि जांघ पर भी एक वार किया गया। अचानक हुए हमले से घायल परमानंद साहू जान बचाकर वहां से भागने लगा।
घायल भागता रहा, आरोपी पीछा कर देते रहे धमकी
शिकायत के अनुसार हमले के बाद भी आरोपी पीछे नहीं हटे। हरि ध्रुव, राजेश ठाकुर और सुरेश मिरी द्वारा उसका पीछा किए जाने और धमकी देने का आरोप है। पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने उसे धमकाते हुए कहा कि वह कितनी दूर तक भाग सकेगा।
इसी दौरान राकेश साहू और टिकेश्वर साहू मौके पर पहुंचे। दोनों ने घायल को हमलावरों से बचाया और मोटरसाइकिल से सिरपुर चौकी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद पीड़ित ने तुमगांव थाना पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई।
एफआईआर के बाद पुलिस ने तीनों को दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की और उप सरपंच राजेश ठाकुर, हरि ध्रुव तथा सूरज मिरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। घटना के बाद सिरपुर में चाकूबाजी और विवाद को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।
