‘सरकार आपके द्वार’ से गांवों तक पहुंचीं सेवाएं, जावलपुर के सेवा सेतु शिविर में एक ही स्थान पर मिला योजनाओं का लाभ

आजीविका ऋण मेले में 336 प्रकरणों में 7.615 करोड़ रुपये प्रेषित, 235 प्रकरणों में 10.9475 करोड़ रुपये की स्वीकृति
रायपुर, 05 अक्टूबर 2026/सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के माध्यम से शासकीय योजनाओं और सेवाओं को नागरिकों के और करीब पहुंचाया जा रहा है। इसी क्रम में जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा विकासखंड के अटल समरसता भवन जावलपुर में विशेष सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों की सेवाएं और योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के साथ पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया।
शिविर में आयोजित आजीविका ऋण मेला विशेष आकर्षण रहा। ग्रामीणों, स्व-सहायता समूहों और हितग्राहियों को स्वरोजगार एवं आजीविका गतिविधियों से जोड़ने के लिए कुल 336 प्रकरणों में 7.615 करोड़ रुपये की राशि प्रेषित की गई। वहीं 235 प्रकरणों में 10.9475 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई तथा 99 प्रकरणों में 5.37 करोड़ रुपये की राशि का वितरण किया गया।
एक ही स्थान पर योजनाओं और सेवाओं की सुविधा
सेवा सेतु शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर नागरिकों को योजनाओं, पात्रता और उपलब्ध सेवाओं की जानकारी दी गई। जनप्रतिनिधियों, अतिथियों और अधिकारियों ने स्टॉलों का अवलोकन कर ग्रामीणों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
शिविर में कुल 110 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 109 आवेदन मांग तथा एक आवेदन शिकायत से संबंधित रहा। नागरिकों को ट्रायसायकल प्रदान करने के साथ जाति प्रमाण पत्र सहित विभिन्न राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। स्वामित्व योजना के तहत हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख एवं पात्र हितग्राहियों को जॉब कार्ड भी वितरित किए गए।
स्वरोजगार को प्रोत्साहन, लखपति दीदियों का सम्मान
शिविर में मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत ऋण स्वीकृति एवं वितरण के चेक तथा स्वरोजगार और आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए हितग्राहीमूलक सामग्री प्रदान की गई।
इस अवसर पर नई लखपति दीदियों को सम्मानित किया गया। स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा संचालित आर्थिक गतिविधियों की जानकारी देते हुए महिला स्वावलंबन और आजीविका संवर्धन का संदेश दिया गया। गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम के माध्यम से मातृ एवं शिशु पोषण के प्रति भी जागरूक किया गया।
शिविर में ही स्वास्थ्य जांच और परामर्श
स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर स्थल पर पोर्टेबल एक्स-रे, एनसीडी जांच एवं नेत्र परीक्षण सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों की मौके पर जांच कर आवश्यक परामर्श एवं मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, पूर्व सांसद श्रीमती कमला देवी पाटले सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।