दो दिन की बारिश से महासमुंद में बिगड़े हालात, महानदी का बढ़ता जलस्तर बना खतरा

गंगरेल के गेट खुले, नदी-नाले उफान पर; बम्हनी में पानी से घिरी शराब दुकान, दो सुरक्षाकर्मी फंसे- नगर सेना ने रेस्क्यू कर बचाया
महासमुंद। जिले में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। बारिश के साथ महानदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से नदी-नाले उफान पर हैं और नदी किनारे बसे गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। गंगरेल बांध के 21 गेटों में से 12 गेट खोले जाने के बाद महानदी में पानी का प्रवाह बढ़ा है। इसे देखते हुए प्रशासन ने महानदी किनारे बसे करीब तीन दर्जन गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है। निचले इलाकों में प्रशासन की निगरानी बढ़ा दी गई है।
बम्हनी में पानी से घिरी सरकारी शराब दुकान, दो सुरक्षाकर्मी फंसे
जिला मुख्यालय से करीब 7 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत बम्हनी में स्थित सरकारी शराब दुकान चारों ओर से बाढ़ के पानी से घिर गई। दुकान की सुरक्षा में तैनात दो सुरक्षाकर्मी छगन लाल कुर्रे और ईद कुमार टंडन बढ़ते पानी के बीच फंस गए। बाहर निकलने का रास्ता बंद होने और लगातार बढ़ते जलस्तर के बीच दोनों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी स्थिति बताई। वीडियो वायरल होने के बाद इसकी सूचना प्रशासन तक पहुंची।
मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासन ने नगर सेना की टीम को तत्काल मौके पर भेजा। टीम ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर दोनों सुरक्षाकर्मियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते हुए हुए रेस्क्यू से बड़ा हादसा टल गया। ऐसे ही ग्राम मुढ़ेना के 60 वर्षीय छुन्नू यादव पत्थर खदान में फंसे होने पर नगर सेना की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू किया।
महानदी किनारे तीन दर्जन गांव अलर्ट पर
महानदी का जलस्तर बढ़ने और लगातार बारिश के कारण नदी किनारे बसे करीब तीन दर्जन गांवों में प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। ग्रामीणों को नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा स्थिति बिगड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की तैयारी रखने को कहा गया है। प्रशासन और राहत-बचाव दल निचले इलाकों तथा नदी किनारे बसे गांवों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
सामान्य जनजीवन पर बारिश की मार
दो दिनों से हो रही बारिश के कारण जिले में जगह-जगह जलभराव की स्थिति बन रही है। नदी-नालों का जलप्रवाह बढ़ने से आवागमन और सामान्य गतिविधियां प्रभावित हुई हैं। महानदी के बढ़ते जलस्तर ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। मौसम का दौर इसी तरह जारी रहा तो नदी किनारे और निचले इलाकों में जलस्तर और बढ़ने की आशंका बनी हुई है।
10 साल के औसत से 24.6 फीसदी ज्यादा बारिश
26 सितंबर 2026 की दैनिक वर्षा रिपोर्ट के अनुसार जिले में 1 जून से अब तक 7450.3 मिमी कुल वर्षा दर्ज की जा चुकी है। तहसीलों के औसत के आधार पर जिले में अब तक 1241.7 मिमी बारिश हुई है, जो पिछले 10 वर्षों के औसत 996.0 मिमी से 24.6 फीसदी अधिक है।
सरायपाली सबसे आगे, पिथौरा में भी औसत से 137 फीसदी ज्यादा
बारिश के आंकड़े बताते हैं कि जिले की सभी तहसीलों में इस मानसून अब तक 10 वर्षों के औसत से अधिक बारिश दर्ज की गई है। सरायपाली में 1359.0 मिमी बारिश हुई है, जो 938.4 मिमी के 10 वर्षीय औसत से 144.8 फीसदी अधिक है। पिथौरा में 1427.0 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो औसत से 137 फीसदी अधिक है।
इसी तरह कोमाखान में 1129.0 मिमी, बागबाहरा में 1155.7 मिमी, बसना में 1209.9 मिमी और महासमुंद तहसील में 1169.7 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इन तहसीलों में भी बारिश 10 वर्षों के औसत से अधिक रही है।
26 सितंबर को 225.3 मिमी बारिश
26 सितंबर की दैनिक वर्षा रिपोर्ट के अनुसार छह तहसीलों में कुल 225.3 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि औसत दैनिक वर्षा 37.5 मिमी रही। बागबाहरा में 57.1 मिमी, कोमाखान में 56.1 मिमी, पिथौरा में 37.8 मिमी, महासमुंद में 36.1 मिमी, सरायपाली में 21.0 मिमी और बसना में 17.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।
नदी-नालों से दूर रहने की अपील
लगातार बारिश और महानदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास जाने से बचने की अपील की है। किसी भी तरह की आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना देने तथा जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए तैयार रहने कहा गया है। जिले में राहत एवं बचाव दलों को भी सतर्क रखा गया है।
12/21 गंगरेल बांध के गेट खुले
करीब 3 दर्जन महानदी किनारे के गांव अलर्ट पर
2 सुरक्षाकर्मी बम्हनी में बाढ़ में फंसे, नगर सेना ने बचाया
1241.7 मिमी जिले में औसत वर्षा
24.6% 10 साल के औसत से अधिक बारिश
225.3 मिमी 26 सितंबर को छह तहसीलों में बारिश
144.8% औसत से अधिक बारिश सरायपाली में
137% औसत से अधिक बारिश पिथौरा में

इन्हें भी पढ़े