जनसमस्या निवारण शिविर में उमड़ा जनविश्वास

विधायक दीपेश साहू बोले – अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही सरकार की प्राथमिकता
विकास कार्यों, स्वच्छता, जल संरक्षण और जनकल्याण योजनाओं पर दिया जोर
बेमेतरा 20 मई 2026/- शासन की मंशानुसार आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से नगर पंचायत कुसमी के बाजार चौक में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्लस्टर अंतर्गत विभिन्न वार्डों से बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं एवं मांगें लेकर पहुंचे। विभिन्न विभागों द्वारा मौके पर ही आवेदनों का निराकरण किया गया तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान हो — विधायक दीपेश साहू
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने आमजन की समस्याएं गंभीरतापूर्वक सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं संवेदनशील निराकरण के निर्देश दिए।अपने संबोधन में विधायक साहू ने कहा कि सरकार की मंशा केवल योजनाएं बनाना नहीं बल्कि हर जरूरतमंद व्यक्ति तक उसका लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सुशासन का वास्तविक अर्थ यही है कि आम नागरिक को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना न पड़े, बल्कि शासन स्वयं गांव एवं वार्ड स्तर तक पहुंचकर समस्याएं सुने और उनका समाधान करे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार सेवा, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य कर रही है तथा गरीब, किसान, मजदूर, महिला, युवा एवं बुजुर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं | कहा कि जनसमस्या निवारण शिविर केवल प्रशासनिक कार्यक्रम नहीं बल्कि जनता और शासन के बीच विश्वास का मजबूत सेतु है। उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए समयसीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके।
क्षेत्र में करोड़ों रुपये के विकास कार्य जारी
विधायक साहू ने क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि बेमेतरा में लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से नालंदा परिसर का निर्माण किया जा रहा है, जहां विद्यार्थियों के लिए निशुल्क लाइब्रेरी की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके साथ ही लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से विशाल ऑडिटोरियम का निर्माण भी कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए श्रीराम एकेडमी के माध्यम से निशुल्क कोचिंग सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है तथा शीघ्र ही श्रीराम लाइब्रेरी की भी शुरुआत होने वाली है। इसके अलावा क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की प्रक्रिया भी प्रारंभ की जा चुकी है।
अमोरा बैराज और सड़क निर्माण से क्षेत्र को मिलेगा लाभ
विधायक साहू ने बताया कि हाल ही में प्रस्तुत बजट में लगभग 300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से अमोरा बैराज को स्वीकृति मिली है, जिससे किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा प्राप्त होगी।इसके अलावा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों को भी स्वीकृति मिली है, जिनमें दुर्ग-बेमेतरा मार्ग, बेमेतरा-बेरला-अहिवारा मार्ग तथा कवर्धा से सिमगा तक सड़क निर्माण जैसे बड़े कार्य शामिल हैं।
स्वच्छता, पौधरोपण और जल संरक्षण का दिया संदेश
विधायक साहू ने नागरिकों से स्वच्छ एवं सुंदर बेमेतरा निर्माण में सहभागिता निभाने की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता, जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण जनभागीदारी से ही संभव है।उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत अधिक से अधिक पौधरोपण करने एवं पौधों के संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए सोख्ता गड्ढा निर्माण को अपनाने की अपील की।
विभिन्न विभागों ने लगाए स्टॉल, हितग्राहियों को मिला लाभ
शिविर में स्कूल शिक्षा विभाग, पुलिस विभाग, लोक निर्माण विभाग, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, आबकारी विभाग, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, पशुधन विकास विभाग, श्रम विभाग, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं लोक सेवा केंद्र सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, नोनी सुरक्षा योजना अंतर्गत एलआईसी बीमा बांड प्रमाण पत्र, सुकन्या समृद्धि योजना की पासबुक, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की प्रोत्साहन राशि एवं सम्मान प्रमाण पत्र वितरित किए गए। शिविर में प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को गृह प्रवेश कराते हुए मकानों की चाबियां सौंपी गईं। साथ ही राशन कार्ड एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के भवन अनुज्ञा प्रमाण पत्र का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष चंद्रप्रकाश साहू, भाजपा नेता संतोष साव, ताकेश्वर साहू, दुर्गावती जी, देवा साहू, गंगू यादव, श्रवण, समीर साहू, दिलीप साहू, आशिष साहू, यामिनी दुबे साहू, राधेश्याम देवांगन, रवि साहू, दानीराम साहू, नरेश साहू, बेरला एसडीएम दीप्ति वर्मा, नगर पंचायत सीएमओ, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।