भीषण गर्मी और लू से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी जारी
बिलासपुर में तापमान 44 डिग्री के करीब, नागरिकों से सतर्क रहने की अपील
बिलासपुर, 20 मई 2026/जिले में लगातार बढ़ रहे तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए जिला स्वास्थ्य समिति बिलासपुर ने नागरिकों के लिए लू से बचाव संबंधी एडवाइजरी जारी की है। इन दिनों बिलासपुर में तापमान लगभग 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है, जिससे हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ गया है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से दोपहर के समय तेज धूप में बाहर निकलने से बचने तथा पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी संदेश में बताया गया है कि लू लगने के प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, चक्कर आना, बेहोशी, उल्टी-मितली, सिरदर्द तथा त्वचा का लाल और सूखा होना शामिल है। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत छांव या ठंडी जगह पर जाएं, शरीर को ठंडा करें तथा पानी या ओआरएस दें। आवश्यकता पड़ने पर नजदीकी अस्पताल में तत्काल उपचार कराएं।
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे दिनभर पानी, ओआरएस, छाछ, नींबू पानी जैसे तरल पदार्थों का सेवन करें। तरबूज, खीरा, ककड़ी, मौसमी फल एवं हरी सब्जियों का अधिक उपयोग करें। बाहर निकलते समय सिर को गमछा, टोपी या छाते से ढंककर रखें तथा हल्के और ढीले कपड़े पहनें।
विभाग ने यह भी कहा है कि खाली पेट धूप में न निकलें तथा चाय, कॉफी और अधिक तले-भुने खाद्य पदार्थों का सेवन कम करें। बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है। जिला स्वास्थ्य समिति ने नागरिकों से सतर्क रहते हुए गर्मी के मौसम में स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का पालन करने का आग्रह किया है। किसी भी आपात स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष के नंबर 87706-64365 और 75870-38622 पर संपर्क किया जा सकता है।
