शिक्षक समग्र फेडरेशन की पदयात्रा स्थगित
आठ में से चार मांगों पर लिखित सहमति के बाद लिया निर्णय
महासमुंद। शिक्षक समग्र फेडरेशन संघ की 8 सूत्रीय मांगों को लेकर महासमुंद से राजधानी की पदयात्रा स्थगित हो गई है। आंदोलनकारी शिक्षकों और प्रशासन के बीच आठ में से चार मांगों पर लिखित सहमति के बाद यह पदयात्रा स्थगित की गई है।
बता दें कि, फेडरेशन द्वारा यहां से राजधानी तक पदयात्रा निकालने तैयारी की जा चुकी थी। लोहिया चौक में शिक्षकों द्वारा सभा ली जा रही थी। इसी दौरान शिक्षकों ेके प्रतिनिधिमंडल को प्रशासन का बुलावा आया। बुलावे पर ईश्वर चंद्राकर प्रदेश सचिव, सिराज बख्श कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष, बीपी मेश्राम प्रदेश विधिक सलाहकार, बाबूलाल ध्रुव ब्लॉक अध्यक्ष, श्रीमती मुनिया निर्मलकर, श्रीमती रामेश्वरी साहू, पुरुषोत्तम चंद्राकर, फागूलाल पटेल ने जिला शिक्षा अधिकारी श्री लहरे, डीएमसी रेखराज शर्मा, सहायक संचालक नंदकिशोर सिन्हा से मांग पत्र के सभी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। मांगों पर अधिकारियों ने लिखित में संगठन को आश्वस्त किया कि सभी मांग पर जांच उपरांत कार्रवाई की जाएगी तथा सोमवार को कलेक्टर के साथ पुन: इस विषय पर चर्चा की जाएगी। मांगों पर सकारात्मक चर्चा होने पर संगठन ने अपनी घोषित पदयात्रा स्थगित कर दी है। ब्लॉक अध्यक्ष बाबूलाल ध्रुव ने कहा कि प्रशासन ने हमारी मांगें गंभीरता से सुनीं तथा लिखित में भरोसा दिलाया तब संघ ने पदयात्रा स्थगित कर दी है। प्रशासन ने यदि हमारी मांगें समय पर पूरी नहीं की तो पुन: आंदोलन किया जाएगा। प्रदेश सचिव ईश्वर चंद्राकर ने कहा कि यह संगठन की बड़ी जीत हैै। प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सिराज बख्श ने कहा कि संगठन एकता का यह फल है कि आज प्रशासन फेडरेशन की पदयात्रा से घबराया है और हमारी मांगों पर गंभीरता से विचार कर रहा है। फेडरेशन की तीन मांगों पर जांच कमेटी सोमवार तक बन जाएंगी ऐसा लिखित में अफसरों ने प्रतिनिधिमंडल को दिया है।
