नगर पालिका में बड़ा उलटफेर: कांग्रेस के युवा नेता ने भाजपा के दो बार के नपाध्यक्ष को हराया

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस के युवा नेता निखिलकांत साहू ने भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा को 3554 वोटों के अंतर से पराजित कर बड़ा उलटफेर किया है। डॉ. चोपड़ा पहले दो बार नगर पालिका अध्यक्ष रह चुके हैं।
इस चुनाव में कुल 5 प्रत्याशी मैदान में थे, जिसमें कांग्रेस से निखिलकांत साहू, भाजपा से डॉ. विमल चोपड़ा, आम आदमी पार्टी से पंकज साहू के अलावा दो निर्दलीय उम्मीदवार – पूर्व नपाध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर और राशि महिलांग शामिल थे। मतदाताओं ने भाजपा और कांग्रेस से बागी होकर चुनाव लड़ रहे दोनों पूर्व नपाध्यक्षों को भी नकार दिया।
30 वार्डों वाली महासमुंद नगर पालिका में पार्षद चुनाव के नतीजों में भाजपा ने 16, कांग्रेस ने 8 और निर्दलीय उम्मीदवारों ने 6 सीटें जीती हैं। महासमुंद जिले के कुल 6 नगरीय निकायों (3 नगर पालिका और 3 नगर पंचायत) के चुनाव परिणामों में यह सबसे चौंकाने वाला नतीजा रहा है।
बागबाहरा नगर पालिका ( अनुसूचित जाति मुक्त ) से अध्यक्ष के लिए कुल 02 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे थे, यहां से कांग्रेस की श्रीमती खिलेश्वरी ताम्रध्वज बघेल ने भाजपा के शंकर ताण्डी को 877 मतों से हराया है। भाजपा प्रत्याशी शंकर ताण्डी बागबाहरा नगर पालिका से 02 बार अध्यक्ष रह चुके हैं। बागबाहरा नगर पालिका के 15 वार्डों में भाजपा के 08 , कांग्रेस के 06 एवं 01 निर्दलीय पार्षद प्रत्याशी विजयी हुए हैं। सरायपाली नगर पालिका ( सामान्य महिला ) के अध्यक्ष पद के लिए कुल 03 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। सरायपाली नगर पालिका से अध्यक्ष पद की भाजपा प्रत्याशी श्रीमती सरस्वती चंद्रकुमार पटेल ने कांग्रेस की प्रत्याशी वृंदा सुरेश भोई को 4897 मतों से पराजित किया। सरायपाली नगरपालिका के 15 वार्डों में भाजपा के 08, कांग्रेस के 01 एवं 06 निर्दलीय पार्षद विजयी हुए हैं।
तीन नगर पंचायत के चुनाव परिणामों में तुमगांव नगर पंचायत से निर्दलीय प्रत्याशी बलरामकांत साहू ने भाजपा के धर्मेन्द्र यादव को 2974 मतों से पराजित कर विजय प्राप्त किया है।15 वार्ड वाले नगर पंचायत तुमगांव में भाजपा के 07, कांग्रेस के 04 एवं 04 निर्दलीय पार्षद जीत दर्ज की। पिथौरा नगर पंचायत के लिए भाजपा के देवेश निषाद ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के प्रत्याशी आत्मराम यादव को 369 मतों से हराकर विजय प्राप्त किया । 15 वार्ड वाले नगर पंचायत पिथौरा में भाजपा के 07 पार्षद, कांग्रेस के 08 पार्षद विजयी हुए हैं । बसना नगर पंचायत में भाजपा की डाॅ. खुशबू अग्रवाल निर्विरोध विजयी हुई हैं। बसना नगर पंचायत के 15 वार्डों में भाजपा के 10, कांग्रेस के 03 एवं निर्दलीय 02 पार्षद विजयी हुए हैं । नवनिर्वाचित अध्यक्षों ने जीत का श्रेय जनता जनार्दन को देते हुए नगर विकास के लिए कार्य करने की बात कही है ।
महासमुंद की जनता की जीत : निखिल
महासमुंद। कांग्रेस के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी निखिलकांत साहू की 3556 मतों के अंतर से महासमुंद नगर पालिका अध्यक्ष निर्वाचित होने पर मीडिया से चर्चा में कहा यह जनता की जीत है। जनता ने अनुभवी व कद्दावर नेताओं का साथ न देकर मुझ जैसे युवा पर भरोसा जताया। उनके भरोसे को मैं टूटने नहीं दूंगा। चुनाव में मेरे पक्ष में अपना मत देकर चुनाव जीताने के लिए महासमुंद की जनता का धन्यवाद व आभार। उन्होंने कहा पार्टी के शीर्ष नेतृत्व एवं पदाधिकारी, कार्यकर्ता व समर्थक जिन्होंने दिन-रात चुनाव में मेहनत की, उनका भी आभार। उन्होंने कहा कि महासमुंद में कई विकास कार्य हैं जो बरसों से लटके हुए हैं उन्हें जल्द पूरा करने के लिए काम किया जाएगा। जनता के बीच रहकर जनता की समस्याओं को सम­झकर उनकी मूलभूत सुविधाओं का ध्यान रखा जाएगा। उनकी हर समस्या का निदान जल्द से जल्द हो इसका प्रयास किया जाएगा।
जीत के बाद मना जीत का जश्न
महासमुंद नगर पालिका की मतगणना पिटिया­झर की नई मंडी में हुआ। जहां सुबह से ही राष्ट्रीय पार्टी के कार्यकर्ता – समर्थक व जनता चुनाव परिणाम जानने आतुर दिखे। जैसे-जैसे पार्षद पद का चुनाव परिणाम सामने आता गया वैसे -वैसे मंडी परिसर के बाहर जीत का जश्न भी मनाया जाने लगा। आखिरी में जैसे ही कांग्रेस प्रत्याशी निखिलकांत साहू की जीत सुनिश्चित हुई युवाओं का हूजूम स्वागत के लिए उमड़ पड़ा। जमकर आतिशाबाजियों का दौरा शुरू हो गया और जुलूस मंडी से निकलकर कांग्रेस भवन चौक पहुंचा। निखिल अपने समर्थकों पार्टी कार्यकर्ताओं समेत युवाओं और बाजे गाजे के साथ नगर भ्रमण किया। जगह जगह नव निर्वाचित अध्यक्ष का फूल मालाओं से जोशिला स्वागत किया गया।
महासमुंद नगर पालिका के ये बने पार्षद
1. ज्योति रिंकू चंद्राकर कांग्रेस
2.जय देवांगन कांग्रेस
3 सुनैना पप्पू ठाकुर भाजपा
4.राहुल आवाड़े निर्दलीय
5. पंकज कासना भाजपा
6.सीता टोडेकर भाजपा
7. मुस्ताक खान कांग्रेस
8.जरीना हाफिज भाजपा
9. सूरज नायक कांग्रेस
10. माखन पटेल भाजपा
11. टोमन कागजी कांग्रेस
12. मालती ध्रुव कांग्रेस
13. हरबंश सिंह ढिल्लों नानहु भाई भाजपा
14. देवीचंद राठी भाजपा
15. ईश्वरी भोई निर्दलीय
16. धनेन्द्र चंद्राकर निर्दलीय
17. नीरज चंद्राकर निर्दलीय
18. प्रीति साहू कांग्रेस
19. प्रीति बादल मक्कड़ भाजपा
20. निश्चय पूनम चंद्राकर भाजपा
21. मुन्ना देवार निर्दलीय
22. चंद्रशेखर बेलदार भाजपा
23. राजेंद्र चंद्राकर भाजपा
24.पवन पटेल भाजपा
25. भाऊ राम साहू भाजपा
26. पियूष साहू भाजपा
27. गुलशन साहू कांग्रेस
28. विजय साव कांग्रेस
29 शुभ्रा मनीष शर्मा भाजपा
3o.धनेश्वरी सोनधर सोनवानी भाजपा