छात्रा से छेड़खानी, शिक्षक गिरफ्तार, गांववालों ने लगाया स्कूल में ताला

महासमुंद 9 जनवरी 2025। जिला मुख्यालय से करीब एक शासकीय स्कूल में नाबालिग छात्रा के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। पालकों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। अध्यापन के दौरान शिक्षक ने छात्रा के साथ छेड़छाड़ की। छात्रा ने घर पहुंचकर इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी। बाद में परिजन छात्रा के साथ सिटी कोतवाली पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया गया। इधर, गुरुवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने स्कूल में तालाबंदी कर दी और अधिकारियों को अवगत कराया। घटना की जानकारी मिलने के बाद विकासखंड शिक्षा अधिकारी लीलाधर सिन्हा और बीआरसी जागेश्वर सिन्हा मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाइश देकर स्कूल से ताला खुलवाया। ग्रामीणों ने बताया कि उक्त शिक्षक की शिकायत पहले भी हो चुकी है, लेकिन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की।