कोटरा बूदेंली बना आत्मनिर्भर का आदर्श गांव, जल जीवन मिशन की सफलता से हर घर में साफ पानी

कवर्धा, 29 नवम्बर 2024। ग्राम कोटरा बुंदेली अब छत्तीसगढ़ के लिए प्रेरणा स्रोत बन गया है। यह प्रधानमंत्री मोदी के “हर घर जल“ और मुख्यमंत्री साय के “समृद्ध छत्तीसगढ़“ के दृष्टिकोण का प्रत्यक्ष प्रमाण है। यह सफलता दिखाती है कि सही योजना और सामुदायिक प्रयासों से हर गाँव आत्मनिर्भर और खुशहाल बन सकता है। जिले के सहसपुर लोहारा विकासखंड के छोटे से गाँव कोटरा बुंदेली ने जल जीवन मिशन के तहत एक ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “हर घर जल, हर दिल खुशहाल“ दृष्टिकोण और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सशक्त नेतृत्व में यह गाँव जल समृद्धि और आत्मनिर्भरता की नई कहानी लिख रहा है। 141 परिवारों वाले इस गाँव को 27 तारीख को “हर घर जल“ ग्राम घोषित किया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जल जीवन मिशन के माध्यम से हर ग्रामीण परिवार तक स्वच्छ पेयजल पहुँचाने का सपना देखा था। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे छत्तीसगढ़ में प्रभावी रूप से लागू किया। कोटरा बुंदेली इस योजना की सफलता का सजीव उदाहरण है, जहाँ सरकार और समुदाय के सामूहिक प्रयासों से ग्रामीण जीवन में क्रांतिकारी बदलाव आया है।