
जिले में अब तक 1734 पशुओं को लगाया जा चुका है टीका
लाभार्थी पशु पालकों ने अपने पशुधन के निःशुल्क टीकाकरण करने हेतु प्रदेश सरकार का किया धन्यवाद
टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए अन्य पशुपालकों से किया गया आग्रह
जशपुरनगर। पशुपालकों के पशुधन को ब्रूसेलोसिस जैसे घातक रोग से बचाने के लिए जिले में अभियान चलाकर पशुओं का टीकाकरण किया जा रहा है।
जिले में ब्रूसेलोसिस टीकाकरण अभियान आगामी 04 फरवरी 2022 तक संचालित किया जाएगा। अब तक सभी विकासखण्ड में कुल 1734 पशुओं का टीका करण किया गया है। जिसके अंतर्गत जशपुर विकासखण्ड में 157, मनोरा में 114, दुलदुला में 107, कुनकुरी में 121, कांसाबेल में 241, फरसाबहार में 216, बगीचा में 526 एवं पत्थलगांव में 252 मवेशियों को रोग से बचाने के लिए टीका लगाया गया है।
इसी कड़ी में आज फरसाबहार विकासखण्ड के ग्राम नीमगाँव निवासी श्री मरियानुश एक्का के यहाँ पशु पालन विभाग द्वारा घर पहुँचकर उनके गाय को ब्रूसेलोसिसजैसे घातक रोग से बचाने के लिए टीका लगाया गया। लाभार्थी मरियानुश एक्का ने बताया कि यह रोग लोक स्वास्थ्य की दृष्टि से अत्याधिक हानिकारक है। ब्रूसेलोसिस के कारण अधिकांश गाय एवं भैंस की गर्भावस्था के अंतिम तिमाही में गर्भपात हो जाना, समय से पूर्व कमजोर बछड़ा या बछिया होने के साथ ही दुग्ध उत्पादन प्रभावित होता है। जिससे पशु पालक को अत्याधिक आर्थिक हानि होती है।
इसी प्रकार कोतबा नगर पंचायत के श्री विशेश्वर चौधरी के यहाँ भी उनके पशुधन को टीका लगाया गया। उन्होंने बताया कि अपने पशुधन को रोगों से बचाने के लिए समय समय पर टीका लगवाना आवश्यक है। इससे वे पूरी तरह सुरक्षित रहेंगे। लाभार्थी पशु पालकों ने प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन को अपने पशुधन को रोगों से बचाने के लिए किए जा रहे निःशुल्क टीकाकरण के लिए धन्यवाद दिया। साथ ही अन्य सभी पशु पालकों से अपने मवेशियों को घातक बीमारी से बचाने के लिए टीका लगवा कर अभियान को सफल बनाने का आग्रह किया है।
