धान खरीदी से बचना चाहती है भाजपा सरकार, किसानों का रकबा गायब कर रची जा रही साजिश : विनोद चंद्राकर

समितियों में 30 से 35 प्रतिशत किसानों का रकबा शून्य, रकबा सुधारकर एक-एक दाना खरीदने की मांग, आंदोलन की चेतावनी
महासमुंद। किसानों का एक-एक दाना धान खरीदने का दावा करने वाली भाजपा सरकार अब किसानों को उनकी उपज बेचने से ही वंचित करने में जुटी है। कहीं किसानों का रकबा शून्य कर दिया गया है तो कहीं धान की फसल वाले खेतों में दलहन-तिलहन की फसल दर्ज कर दी गई है। सरकार यदि किसानों का धान नहीं खरीद सकती तो हाथ जोड़कर माफी मांग ले, लेकिन तरह-तरह के तकनीकी और प्रशासनिक व्यवधान खड़े कर किसानों को परेशान करना बंद करे। यह आरोप पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने लगाया है।
सहकारी समितियों के निरीक्षण के बाद श्री चंद्राकर ने दावा किया कि धान खरीदी व्यवस्था में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां सामने आ रही हैं। उनके अनुसार, प्रत्येक समिति में पंजीकृत किसानों में से करीब 30 से 35 प्रतिशत किसानों का रकबा शून्य कर दिया गया है। वहीं, लगभग 15 प्रतिशत किसानों के खेतों में धान के बजाय दलहन-तिलहन की फसल दर्ज कर दी गई है। कहीं तिवरा, कहीं राहल, चना, कपास और सूरजमुखी की फसल का रिकॉर्ड ऑनलाइन पोर्टल में दिखाई दे रहा है, जबकि वास्तविकता में इन खेतों में धान की फसल खड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऑनलाइन रिकॉर्ड में जानबूझकर रकबा गायब करने और गलत फसल दर्ज करने का खेल किया गया है।
पूर्व विधायक ने कहा कि समितियों में किसानों के रकबे का इस तरह गायब होना सरकार की मंशा पर गंभीर सवाल खड़े करता है। ऐसा प्रतीत होता है कि सरकार किसानों का पूरा धान खरीदने से बचने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रही है। महज तीन साल के कार्यकाल में ही भाजपा सरकार को धान खरीदी में पसीने छूटने लगे हैं। कांग्रेस शासनकाल में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किसानों की समृद्धि और आत्मनिर्भरता के लिए जो व्यवस्थाएं बनाई थीं, उन्हें कमजोर कर दिया गया है। अब एप, सर्वे और ऑनलाइन प्रक्रिया के नाम पर किसानों को दफ्तरों और समितियों के चक्कर काटने के लिए मजबूर किया जा रहा है।
श्री चंद्राकर ने चेतावनी दी कि किसानों के साथ इस तरह का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सरकार से मांग की कि सभी किसानों के रकबे का तत्काल सत्यापन कर त्रुटियों में सुधार किया जाए और वास्तविक फसल के अनुरूप रिकॉर्ड दुरुस्त कर प्रत्येक किसान का पूरा धान खरीदा जाए। ऐसा नहीं होने पर कांग्रेस किसानों के हित में उग्र आंदोलन करेगी।
श्री चंद्राकर सहकारी समितियों शेर, बेलसोंडा, बम्हनी और बरोंडाबाजार के निरीक्षण पर पहुंचे थे। इस दौरान किसानों ने उन्हें रकबा शून्य होने, फसल की गलत प्रविष्टि और धान बेचने में आ रही परेशानियों से अवगत कराया। किसानों की समस्याएं सुनने के बाद उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों को उनका हक दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा और इस लड़ाई में उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।

इन्हें भी पढ़े

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.