जरूरतमंद बच्चों की उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहयोग करेगी राष्ट्रीय तेली कर्मा सेना

गांव को नशामुक्त बनाने और युवाओं को शिक्षा से जोड़ने का किया आह्वान
महासमुंद। ग्राम फुसेराडीह में ग्रामीण समिति के तत्वावधान में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में राष्ट्रीय तेली कर्मा सेना के संस्थापक एवं भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अशवंत तुषार साहू शामिल हुए। इस दौरान ग्रामीणों ने फूल- मालाओं से उनका आत्मीय स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अशवंत तुषार साहू ने कहा कि राष्ट्रीय तेली कर्मा सेना का उद्देश्य केवल सामाजिक एकता और संगठन को मजबूत करना नहीं, बल्कि समाज के गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों के भविष्य को संवारना भी है। इसी उद्देश्य से संस्था ने आर्थिक रूप से कमजोर ऐसे विद्यार्थियों को यथासंभव आर्थिक सहयोग देने का संकल्प लिया है, जो कक्षा 12वीं उत्तीर्ण करने के बाद कॉलेज में उच्च शिक्षा प्राप्त करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण किसी भी प्रतिभाशाली बच्चे की पढ़ाई अधूरी नहीं रहनी चाहिए।
उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा जीवन में सफलता और आत्मनिर्भरता का सबसे सशक्त माध्यम है। गांव के बच्चे उच्च शिक्षा हासिल कर डॉक्टर, इंजीनियर और अधिकारी बनें तथा समाज और देश के विकास में योगदान दें, इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। प्रत्येक बच्चे को शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
साहू ने गांव को नशामुक्त बनाने की अपील करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति का जीवन बर्बाद नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद, रोजगार और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ना चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों से गांव को शिक्षित और नशामुक्त बनाने के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय तेली कर्मा सेना का संकल्प शिक्षा, सामाजिक एकता और जनसेवा के माध्यम से समाज को मजबूत बनाना है।
कार्यक्रम में ग्रामीण समिति के अध्यक्ष भानु प्रताप ध्रुव, कोषाध्यक्ष शंकर लाल ध्रुव, पंच खिलावन ध्रुव, सुरेश ध्रुव, महेश ध्रुव, जितेश ध्रुव, भोलाराम साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

इन्हें भी पढ़े

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.