बारिश की आशंका से धान खरीदी केंद्रों में अलर्ट, कलेक्टर ने दिए सुरक्षा के सख्त निर्देश

20 से 22 नवंबर तक केंद्र प्रभारियों को मुख्यालय में रहकर करनी होगी निगरानी, 199 केंद्रों में अब तक 19,188 क्विंटल धान की खरीदी; 3,461 क्विंटल अवैध धान जब्त
महासमुंद। मौसम में बदलाव और संभावित बारिश की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने धान खरीदी केंद्रों में खुले में रखे धान की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। कलेक्टर विनय लंगेह ने जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में खरीदे गए धान को बारिश, तेज हवाओं, जमीन की नमी और जलभराव से बचाने के लिए तत्काल पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि किसानों से खरीदे गए धान की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने सभी केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में कैप कवर, पन्नी और तिरपाल उपलब्ध रखने के निर्देश दिए हैं। खुले में रखे धान के स्टैक को मजबूत रस्सियों से बांधने को कहा गया है, ताकि तेज हवा में तिरपाल और कैप कवर उड़ने से धान भीगने की नौबत न आए। वहीं, जमीन से आने वाली नमी और पानी से बचाव के लिए पर्याप्त डनेज (आधार सामग्री) की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है।
उन्होंने उपार्जन केंद्रों के फड़ के चारों ओर जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने और नालियों की नियमित सफाई कराने के निर्देश भी दिए हैं। केंद्रों में कहीं भी पानी का जमाव नहीं होना चाहिए। केंद्र प्रभारी यह सुनिश्चित करें कि बारिश का पानी धान के स्टैक तक न पहुंचे और खरीदे गए धान को नुकसान से बचाया जा सके।
तीन दिन मुख्यालय में रहेंगे केंद्र प्रभारी
मौसम की संभावित प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए कलेक्टर ने सभी केंद्र प्रभारियों और समिति कर्मचारियों को 20 से 22 नवंबर तक अनिवार्य रूप से अपने मुख्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान उन्हें लगातार केंद्रों की निगरानी करनी होगी। मौसम की स्थिति पर नजर रखने के साथ किसी भी आपात स्थिति में तत्काल जरूरी कदम उठाने को कहा गया है।
199 केंद्रों में शुरू हुई धान खरीदी, 19,188 क्विंटल की आवक
जिले में 19 नवंबर तक कुल 202 धान उपार्जन केंद्रों में से 199 केंद्रों में खरीदी शुरू हो चुकी है। इन केंद्रों के माध्यम से अब तक 19,188 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। खरीदी का सिलसिला जारी रहने के बीच प्रशासन ने धान के सुरक्षित रखरखाव और व्यवस्थित भंडारण को प्राथमिकता देते हुए केंद्रों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
अवैध धान पर कार्रवाई में प्रदेश में तीसरे स्थान पर जिला
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में पारदर्शिता बनाए रखने के साथ ही अवैध धान के भंडारण और परिवहन पर भी जिला प्रशासन की कार्रवाई जारी है। इस अभियान में महासमुंद जिला प्रदेश में तीसरे स्थान पर है। अब तक जिले में 3,461 क्विंटल अवैध धान जब्त किया जा चुका है।
उल्लेखनीय है कि मौसम विभाग के अनुसार 21 नवंबर तक चक्रवात ‘अकवान’ के सक्रिय रहने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने खरीदी केंद्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का जोर इस बात पर है कि मौसम की चुनौती के बीच न तो खरीदी व्यवस्था प्रभावित हो और न ही किसानों से खरीदे गए धान को किसी तरह का नुकसान पहुंचे।

इन्हें भी पढ़े

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.