रात में टहलने निकले व्यक्ति को बोलेरो ने मारी टक्कर, पैर फ्रैक्चर

महासमुंद। सरायपाली में रात के समय टहलकर घर लौट रहे एक व्यक्ति को तेज रफ्तार बोलेरो चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में व्यक्ति का बायां पैर फ्रैक्चर हो गया। इसके अलावा सिर, सीना, दोनों हाथ और कमर में भी चोटें आई हैं। मामले में सरायपाली पुलिस ने बोलेरो चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार वार्ड-3 सरायपाली निवासी प्रकाश जोगी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 3 सितंबर की रात करीब 9 से 10 बजे उनके पिता नरेश जोगी टहलने के लिए निकले थे। वापस घर लौटते समय बस्ती सरायपाली पोस्ट ऑफिस रोड के पास बोलेरो क्रमांक सीजी 07 सीपी 0577 के चालक ने वाहन को तेज व लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में नरेश जोगी गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका बायां पैर फ्रैक्चर हो गया। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ धारा 125(ए) और 281 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।