वोट बचाओ-देश बचाओ के नारों से गूंजा महासमुंद, कांग्रेस ने दिखाया दम

कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन: गांधी से अंबेडकर चौक तक मार्च, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग; नेहरू चौक पर ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका
महासमुंद। ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत मंगलवार को महासमुंद की सड़कों पर कांग्रेस ने बड़ा राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में निकाले गए ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ मार्च में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र की मोदी सरकार तथा चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। दोपहर करीब 1 बजे कांग्रेस भवन से शुरू हुआ मार्च गांधी चौक, महामाया मंदिर और नीलकंठ चौक होते हुए अंबेडकर चौक पहुंचा। इसके बाद नेहरू चौक पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका गया।
मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ और लोकतंत्र- संविधान की रक्षा के नारे लगाए। गांधी चौक पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। यहां से मार्च आगे बढ़ते हुए अंबेडकर चौक पहुंचा, जहां डॉ. भीमराव अंबेडकर की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद राष्ट्रीय गान का वाचन किया गया तथा भारतीय संविधान के अनुच्छेद 326 का सार्वजनिक वाचन कर मताधिकार के महत्व को रेखांकित किया गया।
अंबेडकर चौक से उठी चुनाव आयोग के खिलाफ आवाज
अंबेडकर चौक पर कांग्रेस नेताओं ने केंद्र की मोदी सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई। नेताओं ने चुनावी प्रक्रिया और मताधिकार से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार एवं चुनाव आयोग पर सवाल खड़े किए। कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाता का अधिकार सर्वोपरि है और इसकी रक्षा के लिए कांग्रेस सड़क से लेकर हर स्तर तक अपनी आवाज बुलंद करेगी।
पुतला दहन के दौरान पुलिस से खींचतान जैसे हालात
अंबेडकर चौक के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता नेहरू चौक पहुंचे, जहां मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया गया। पुतले में आग लगते ही पुलिस ने उसे बुझाने का प्रयास किया, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुतले के चारों ओर घेरा बना लिया। पुलिस के प्रयास के बावजूद आग नहीं बुझ सकी और पुतला पूरी तरह जल गया। इस दौरान मौके पर कुछ देर के लिए गहमागहमी की स्थिति बनी रही।
कांग्रेस के कई दिग्गज रहे मौजूद
मार्च में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव, छत्तीसगढ़ कांग्रेस सह प्रभारी विजय जांगिड़, बागबाहरा जनपद अध्यक्ष केवल चंद्राकर, पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर, पूर्व विधायक देवेंद्र बहादुर सिंह, शहर कांग्रेस अध्यक्ष गुरमीत चावला, प्रभारी महामंत्री लक्ष्मण पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राशि महिलांग, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमन चंद्राकर, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष मानिक साहू, संजय शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
2 से 8 अक्टूबर तक ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’
कांग्रेस का ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ 2 से 8 अक्टूबर तक चल रहा है। इसी अभियान के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ मार्च निकाले जा रहे हैं। महासमुंद में हुए मार्च के जरिए कांग्रेस ने मताधिकार, संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं की भीड़ और लगातार होती नारेबाजी से शहर का राजनीतिक माहौल गर्माया रहा।

इन्हें भी पढ़े

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.