पोषण से सेहत की नींव मजबूत, आंगन मिलन में महिलाओं और किशोरियों को दिए जरूरी टिप्स

गर्भवती-शिशुवती माताओं को पौष्टिक आहार की जानकारी, किशोरियों को माहवारी स्वच्छता का संदेश; छह माह के बाद बच्चों को ऊपरी आहार देने पर जोर
महासमुंद। बागबाहरा ब्लॉक के खम्हरिया सेक्टर के ग्राम अमेठी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में समुदाय के लोगों के लिए आंगन मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं, शिशुवती माताओं, किशोरी बालिकाओं और बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता पर विशेष जोर दिया गया। ग्रामीण महिलाओं को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों को दैनिक आहार में शामिल करने तथा बच्चों के खान-पान को लेकर सावधानी बरतने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सरपंच प्रमोद साहू रहे। वहीं सक्रिय महिला किरण यादव और पंच किरण खड़िया सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरोज चंद्राकर ने गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं तथा किशोरी बालिकाओं को पोषण आहार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।
हरी सब्जियां, फल और अंकुरित अनाज को आहार में शामिल करने की सलाह
समारोह में महिलाओं को बताया गया कि शरीर को आवश्यक पोषक तत्व उपलब्ध कराने के लिए भोजन में मूंगा भाजी, लाल भाजी, हरी सब्जियां, फल, अंकुरित चना, फल्ली, गुड़ और मूंग जैसे पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करना चाहिए। गर्भवती महिलाओं और शिशुवती माताओं के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व पर विशेष रूप से चर्चा की गई। महिलाओं में खून की कमी से बचाव के लिए आयरन युक्त आहार लेने की भी जानकारी दी गई।
किशोरियों को माहवारी स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
कार्यक्रम में किशोरी बालिकाओं के स्वास्थ्य को भी प्रमुखता दी गई। उन्हें माहवारी के दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, स्वच्छता संबंधी सावधानियों का पालन करने और इस दौरान स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की जानकारी दी गई। बालिकाओं को माहवारी से जुड़ी सामान्य स्वास्थ्य संबंधी बातों को लेकर जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
छह माह बाद बच्चों को दें ऊपरी आहार
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने माताओं को बताया कि बच्चे के छह माह की उम्र पूरी होने के बाद केवल दूध पर निर्भर रहने के बजाय उम्र के अनुरूप ऊपरी आहार शुरू करना जरूरी है। बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए पौष्टिक और संतुलित आहार देने पर जोर दिया गया।
मुख्य अतिथि सरपंच प्रमोद साहू ने भी महिलाओं में खून की कमी से बचाव के लिए आयरन एवं पौष्टिक आहार की जानकारी साझा की। उन्होंने माताओं से बच्चों को चिप्स, कुरकुरे और पैकेज्ड खाद्य पदार्थों से दूर रखने तथा उनके स्थान पर पौष्टिक एवं घर में उपलब्ध खाद्य पदार्थ देने की अपील की।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता **त्रिवेणी निषाद, लक्ष्मी ध्रुव, लक्ष्मी यादव, उर्मिला नागेश, नंदनी यादव, टिमेश्वरी चंद्राकर, बुधियारिन ध्रुव, नर्मदा यादव, कृष्णा निषाद, चमेली पटेल, हठियारिन खड़िया, तुलसी यादव, गीता साहू, अश्वनी ध्रुव, कामतु साहू, तिलेश्वरी ध्रुव, जमुना यादव, पदमा नागेश, जानकी निषाद, प्रिया पटेल, कुमारी यादव, प्रीति ध्रुव, त्रिवेणी निषाद, जागेश्वरी यादव और संजना यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।