सार्वजनिक जगह कचरा फेंका तो खैर नहीं, पालिका करेगी सख्त कार्रवाई
सीएमओ ने शहर में किया औचक निरीक्षण, होटल-दुकानों की होगी जांच; यूजर चार्ज नहीं देने वालों को नोटिस-जुर्माना, जरूरत पड़ी तो कोर्ट जाएगी नगर पालिका
महासमुंद। शहर की स्वच्छता व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अब नगर पालिका परिषद ने सख्त रुख अपना लिया है। सार्वजनिक स्थानों और सड़क किनारे कचरा फेंकने वाले लोगों के साथ ही नियमों का पालन नहीं करने वाले होटल, दुकान और अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) सौरभ शर्मा ने स्वच्छता प्रभारी और स्वच्छ भारत मिशन प्रभारी के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर सार्वजनिक जगहों और सड़क किनारे कचरा फेंके जाने की स्थिति सामने आने पर सीएमओ ने अधिकारियों को तत्काल कचरा हटाने के निर्देश दिए। साथ ही ऐसे लोगों और प्रतिष्ठानों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।
यूजर चार्ज नहीं दिया तो होगी कार्रवाई
सीएमओ सौरभ शर्मा ने स्पष्ट किया कि नगर पालिका की ओर से नागरिकों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से नियमित रूप से कचरा संग्रहण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके बावजूद कुछ लोग यूजर चार्ज का भुगतान नहीं कर रहे हैं और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंककर शहर की स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावित कर रहे हैं। ऐसे मामलों को अब किसी भी स्थिति में नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निरीक्षण के दौरान ऐसे होटल, दुकान और अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की सूची तैयार की जाए, जहां से नियमित रूप से कचरा निकलता है, लेकिन यूजर चार्ज जमा नहीं किया जा रहा है या निर्धारित व्यवस्था के विपरीत कचरा बाहर फेंका जा रहा है।
स्टेशन रोड के होटल-प्रतिष्ठानों की होगी जांच
स्टेशन रोड क्षेत्र के कुछ होटल और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से गंदगी फैलाए जाने की शिकायतों को भी सीएमओ ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन प्रतिष्ठानों की जांच के निर्देश दिए हैं। जांच में यह देखा जाएगा कि संबंधित होटल और व्यवसायिक प्रतिष्ठान कचरा प्रबंधन के नियमों तथा नगर पालिका की निर्धारित कचरा संग्रहण व्यवस्था का पालन कर रहे हैं या नहीं।
नोटिस से लेकर जुर्माना और कोर्ट तक की तैयारी
नगर पालिका ऐसे मामलों में पहले नोटिस जारी करने के साथ ही जुर्माना और नियमानुसार अन्य वैधानिक कार्रवाई करेगी। सीएमओ ने अधिकारियों को कार्रवाई में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बिगाड़ने वालों के खिलाफ नगर पालिका अब सख्त कार्रवाई करेगी। जरूरत पड़ने पर सार्वजनिक स्वच्छता और नगर हित में सक्षम न्यायालय की शरण लेकर भी कार्रवाई की जाएगी।
पालिका की नागरिकों से अपील
नगर पालिका ने नागरिकों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से अपील की है कि वे कचरा निर्धारित समय और निर्धारित व्यवस्था के अनुसार ही दें। सार्वजनिक स्थानों, सड़क किनारे अथवा खुले में कचरा फेंकने से बचें और नगर पालिका द्वारा निर्धारित यूजर चार्ज का नियमित भुगतान करें। पालिका ने साफ संकेत दिया है कि स्वच्छता व्यवस्था में बाधा डालने वालों को अब कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
