कलेक्टर ने मुख्यालय के विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का किया निरीक्षण
दंतेवाड़ा, 15 सितंबर 2026। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने मुख्यालय के दंतेवाड़ा में चल रहे विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों जैसे चिकित्सा महाविद्यालय टेकनार, मिलेट कैफे, चितालंका में निर्माणाधीन महिला ट्रांजिट हॉस्टल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने तथा आवश्यक मूलभूत सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री ध्रुव ने शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय परिसर स्थित बालिका छात्रावास का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास में साफ-सफाई, बाउंड्रीवाल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली और आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के साथ जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके पश्चात कलेक्टर ने मिलेट कैफे का निरीक्षण कर वहां संचालित गतिविधियों एवं कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने मिलेट कैफे के बाहरी परिसर में पेपर ब्लॉक टाइल्स लगाने के निर्देश दिए, ताकि परिसर को व्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाया जा सके।
कलेक्टर ने निर्माणाधीन पालिका बाजार का भी अवलोकन किया। उन्होंने बाजार के आसपास साफ-सफाई सुनिश्चित करने के साथ उद्यान विभाग से समन्वय कर परिसर में शोभादार पौधे लगाने, बिजली, पानी सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने ट्रांजिट हॉस्टल परिसर में निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण किया। यहां कामकाजी महिलाओं तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए तैयार किए जा रहे भवनों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्य को त्वरित गति से पूर्ण करने तथा आवश्यकता अनुसार श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस दौरान निर्माण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
