घर-बाड़ी में छिपाकर रखी थी महुआ शराब, दो ठिकानों पर दबिश देकर 27 लीटर जब्त
पिथौरा में बोरी के अंदर मिली 20 लीटर शराब, कुसमुर में 7 लीटर के साथ महिला गिरफ्तार; दोनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर
महासमुंद। अवैध महुआ शराब के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पिथौरा थाना और भंवरपुर चौकी क्षेत्र में पुलिस ने दो अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर 27 लीटर हाथभट्ठी महुआ शराब जब्त की। जब्त शराब की कुल कीमत करीब 5 हजार 400 रुपए बताई गई है। दोनों मामलों में एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पिथौरा पुलिस को 13 सितंबर को सूचना मिली थी कि ग्राम ठाकुरदिया खुर्द निवासी हीरालाल सिन्हा (46) अपने घर-बाड़ी में अवैध महुआ शराब छिपाकर रखे हुए है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान चावल की बोरी के अंदर पांच-पांच लीटर की चार झिल्लियों में कुल 20 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी हीरालाल सिन्हा को गिरफ्तार कर लिया। जब्त शराब की कीमत करीब 4 हजार रुपए आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
दूसरी कार्रवाई 14 सितंबर को भंवरपुर चौकी क्षेत्र के ग्राम कुसमुर में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि मोहरमोती राठिया (36) अपने घर-बाड़ी में महुआ शराब रखकर बिक्री कर रही है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली तो 7 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। इसकी कीमत करीब 1 हजार 400 रुपए बताई गई है। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ भी आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की।
दोनों कार्रवाई में पुलिस ने कुल 27 लीटर अवैध हाथभट्ठी महुआ शराब जब्त की है।
