तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, घायल युवक से गाली-गलौज कर की मारपीट
महासमुंद। बाइक को पीछे से टक्कर मारने और बाद में बाइक सवार से गाली-गलौज व मारपीट करने के मामले में सरायपाली पुलिस ने कार सवार दो लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार वार्ड-7 ताज नगर झिलमिला निवासी मोहम्मद अरशद ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह 12 सितंबर की रात करीब 12 बजे अपनी दुकान बंद कर बाइक क्रमांक सीजी 06 जीपी 3014 से घर जा रहा था। रात करीब 12.10 बजे कुटेला ओवरब्रिज के पास पीछे से आ रही कार क्रमांक सीजी 06 एचसी 3100 के चालक ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसकी बाइक को टक्कर मार दी। अरशद के बाएं पैर में चोट आई और बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।
आरोप है कि दुर्घटना के बाद कार सवार नीरज पाणिग्रही और रौनित पाणिग्रही ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। शिकायत पर सरायपाली पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 125, 281, 296 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
