धनतेरस पर बाजार में उमड़ी खरीदारों की भीड़, जमकर बरस रहा धन

filter: 0; fileterIntensity: 0.0; filterMask: 0; captureOrientation: 0; brp_mask:0; brp_del_th:null; brp_del_sen:null; delta:null; module: photo;hw-remosaic: false;touch: (-1.0, -1.0);sceneMode: 7864320;cct_value: 0;AI_Scene: (-1, -1);aec_lux: 0.0;aec_lux_index: 0;albedo: ;confidence: ;motionLevel: -1;weatherinfo: null;temperature: 42;

सोना-चांदी, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स और बर्तनों की दुकानों में रौनक; आकर्षक ऑफरों से ग्राहकों को लुभा रहे व्यापारी, पटाखा बाजार भी तैयार
महासमुंद। धनतेरस के साथ ही दीपावली के तीन दिवसीय उत्सवी माहौल का आगाज हो गया है। त्योहार की खरीदारी को लेकर शहर के बाजारों में रौनक चरम पर है। पुष्प नक्षत्र के दिन अपेक्षा के अनुरूप कारोबार नहीं होने से मायूस व्यापारियों के चेहरों पर धनतेरस ने फिर मुस्कान लौटा दी है। सुबह से ही बाजार में खरीदारों की आवाजाही बढ़ने लगी है। सराफा बाजार से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, कपड़ा, बर्तन और घरेलू उपयोग की दुकानों तक ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। दुकानों की आकर्षक सजावट, विशेष छूट और उपहार योजनाओं के बीच बाजार में इस बार जमकर धनवर्षा होने की उम्मीद है।
धनतेरस पर सोना-चांदी, नए बर्तन और वाहन खरीदने की परंपरा के चलते व्यापारियों ने पहले से ही खास तैयारियां की हैं। सराफा दुकानों में सोने-चांदी के आभूषणों और सिक्कों की आकर्षक रेंज सजाई गई है। वहीं इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों में टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, मोबाइल सहित आधुनिक उपकरणों पर विशेष ऑफर दिए जा रहे हैं। कई दुकानों में निश्चित उपहार, कीमतों में छूट और आसान किस्तों की सुविधा भी ग्राहकों को आकर्षित कर रही है।
ऑटोमोबाइल शोरूम में भी दोपहिया और चारपहिया वाहनों की खरीदारी को लेकर खास उत्साह है। ग्राहकों को लुभाने के लिए कंपनियों और डीलरों की ओर से आकर्षक पैकेज पेश किए गए हैं। कपड़ा और रेडीमेड दुकानों में दीपावली के नए कलेक्शन की धूम है, तो बर्तन दुकानों में पीतल, तांबा और स्टील के बर्तनों की मांग बनी हुई है। मिठाई, पूजा सामग्री, सजावटी सामान और घर की साज-सज्जा से जुड़ी दुकानों में भी ग्राहकों की चहल-पहल बढ़ गई है।
व्यापारियों का कहना है कि धनतेरस साल के सबसे बड़े कारोबारी अवसरों में शामिल है। पुष्प नक्षत्र पर अपेक्षित खरीदारी नहीं होने के बाद अब धनतेरस से कारोबार को गति मिलने की उम्मीद है। ग्राहकों की पसंद और बजट को ध्यान में रखकर दुकानों में हर तरह की रेंज उपलब्ध कराई गई है। त्योहार की खरीदारी के उत्साह से बाजार में रौनक लौट आई है और कारोबारियों को इस बार अच्छे व्यापार की उम्मीद है।
आसमान में रंगीन रोशनी बिखेरेंगे फैंसी पटाखे, ड्रोन की तरह उड़ने वाले आइटम बने आकर्षण
दीपावली को लेकर शहर का पटाखा बाजार भी पूरी तरह सजकर तैयार है। हाईस्कूल मैदान में लगे पटाखा बाजार में पारंपरिक पटाखों के साथ इस बार कई नए और आकर्षक फैंसी आइटम ग्राहकों के लिए उपलब्ध हैं। आसमान में रंगीन रोशनी बिखेरने वाले पटाखों से लेकर ड्रोन की तरह उड़ने वाले विशेष पटाखे लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
हाईस्कूल मैदान में इस वर्ष कुल 55 पटाखा दुकानों का पंजीयन किया गया है, जिनमें से 40 दुकानदारों ने अपनी दुकानें सजा ली हैं। बाजार में माचिस की तीली से जलने वाले रंगीन शॉट, 288 शॉट और 18 शॉट वाले हैंड शॉट, फोटो फ्लैश तथा भंवरा जैसे आइटम की आकर्षक वैरायटी उपलब्ध है। इसके अलावा आसमान को रंगीन रोशनी से जगमगाने वाले कई फैंसी पटाखे भी लोगों को लुभा रहे हैं। ड्रोन की तरह उड़ने वाला पटाखा इस बार खास चर्चा में है। कारोबारियों को उम्मीद है कि धनतेरस से ग्राहकों की भीड़ बढ़ने के साथ पटाखों की बिक्री भी रफ्तार पकड़ेगी।