तीज का निर्जला व्रत, गणपति के जयकारे… महासमुंद में आस्था का डबल उत्सव
केदारनाथ थीम से सजा बाजार वार्ड का पंडाल, गंजपारा से हाउसिंग बोर्ड तक गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की तैयारी
शाम को पंडालों में उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़
महासमुंद। इस वर्ष हरतालिका तीज और गणेश चतुर्थी का पर्व एक ही दिन, 14 सितंबर को मनाया जा रहा है। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार करीब 20 साल बाद ऐसा संयोग बना है, जब तृतीया और चतुर्थी तिथि एक ही दिन पड़ रही हैं। इस विशेष संयोग को लेकर महिलाओं के साथ गणेश भक्तों में भी खासा उत्साह है। रविवार को सुहागिन महिलाओं ने करूभात खाकर 24 घंटे के निर्जला व्रत का संकल्प लिया, वहीं शहर में गणेशोत्सव की तैयारियां भी जोर पकड़ती रहीं। गाजे-बाजे के साथ गणेश प्रतिमाओं को पंडालों तक पहुंचाने का सिलसिला शुरू हो गया है।
केदारनाथ थीम से सजा पंडाल, शहर में गणेशोत्सव की धूम
बाजार वार्ड समेत अधिकांश मोहल्लों में सजे पंडाल, घरों में भी गणेश स्थापना को लेकर उत्साह; दस दिनों तक होंगे धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन
गणेश चतुर्थी के साथ ही अब अगले दस दिनों तक शहर और अंचल में गणेशोत्सव की धूम रहेगी। शहर के बाजार वार्ड, गंजपारा, एफसीआई रोड, लोहिया चौक, बस स्टैंड, रायपुर रोड और हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी समेत अधिकांश मोहल्लों में गणेशोत्सव के लिए आकर्षक पंडाल सजकर तैयार हो चुके हैं। कई पंडालों में विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश की प्रतिमाएं पहुंच चुकी हैं।
इस बार बाजार वार्ड गणेशोत्सव समिति ने पंडाल को केदारनाथ मंदिर की प्रतीकात्मक थीम पर तैयार किया है। वहीं शहर के अन्य पंडालों में धार्मिक थीम के साथ आकर्षक विद्युत सजावट की गई है। समितियों ने गणेश प्रतिमा स्थापना से लेकर विसर्जन तक धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तैयार कर ली है।
प्रतिमाओं और पूजा सामग्री की खरीदारी बढ़ी
गणेश चतुर्थी को लेकर घरों में भी उत्साह का माहौल है। लोग हाईस्कूल परिसर में लगी अस्थायी दुकानों से अपनी पसंद के अनुसार छोटी-बड़ी गणेश प्रतिमाओं की खरीदारी कर रहे हैं। सुबह से ही बाजारों में गणेश प्रतिमा, पूजा सामग्री, फूल-माला और सजावटी सामान खरीदने के लिए लोगों की आवाजाही बनी हुई है।
शाम को पंडालों में उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़
गणेश चतुर्थी पर विधि-विधान से भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसके बाद अगले दस दिनों तक सार्वजनिक पंडालों और घरों में पूजा-अर्चना व आरती का दौर चलेगा। शाम के समय शहर के प्रमुख गणेश पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना है। वहीं हरतालिका तीज के निर्जला व्रत के कारण शिव-पार्वती मंदिरों में भी महिलाओं की विशेष भीड़ रहेगी।
