चाकू की नोक पर दो जगह लूट, राहगीरों में दहशत

महासमुंद। जिले में राहगीरों को रोककर चाकू की नोक पर लूटपाट की दो वारदातों से दहशत का माहौल है। खल्लारी थाना क्षेत्र के पतेरापाली-मुड़मार मार्ग पर तीन बदमाशों ने बाइक सवार दो युवकों को घेरकर चाकू दिखाया और करीब 14 हजार रुपए का सामान लूट लिया। वहीं बिरकोनी क्षेत्र में सब्जी खरीदकर पैदल लौट रहे दो मजदूरों को तीन युवकों ने घेरकर चाकू मारने की धमकी दी और मोबाइल व नकदी लूटकर फरार हो गए। दोनों मामलों में पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
बाइक को लात मारकर रोका, चाकू दिखाकर लूटपाट
पहली घटना 13 सितंबर की दोपहर करीब 3.10 बजे पतेरापाली-मुड़मार के बीच जंगलनुमा सड़क पर हुई। ग्राम अरण्ड निवासी युवक अपने दोस्त रोहित कुमार महानंद के साथ बाइक क्रमांक सीजी 06 एचई 9316 से पूजा सामग्री खरीदने महासमुंद आया था। सामान खरीदने के बाद दोनों बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से काले रंग की टीवीएस एनटॉर्क बाइक क्रमांक सीजी 04 आरबी 6389 पर सवार तीन युवक पहुंचे। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए दोनों को धमकाया और उनकी बाइक को लात मारने लगे।
बाइक की रफ्तार धीमी होते ही आरोपियों ने आगे अपनी बाइक लगाकर रास्ता रोक दिया। तीनों नीचे उतरे और एक आरोपी ने चाकू निकालकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने एक युवक का करीब 5 हजार रुपए कीमत का मोबाइल, उसके साथी रोहित कुमार महानंद का करीब 5 हजार रुपए का मोबाइल, जेब में रखे 4 हजार रुपए नकद और बाइक की चाबी लूट ली। वारदात के बाद तीनों आरोपी मुड़मार की ओर फरार हो गए। शिकायत पर खल्लारी पुलिस ने बीएनएस की धारा 309(4) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मजदूरों को घेरकर चाकू की धमकी, मोबाइल और नकदी लूटी
दूसरी घटना 13 सितंबर की शाम करीब 6 बजे बिरकोनी क्षेत्र में हुई। ग्राम खपरी, थाना बालोद निवासी राहुल वर्तमान में मनोरमा इंडस्ट्रीज बिरकोनी में मजदूरी करता है। वह अपने दोस्त भीषम निर्मलकर के साथ बिरकोनी से सब्जी खरीदकर पैदल मनोरमा इंडस्ट्रीज लौट रहा था। दोनों फ्लोटेक्स सोलर कंपनी के पास पहुंचे थे, तभी पीछे से बिना नंबर प्लेट की काली स्कूटी पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और उन्हें घेर लिया।
आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए दोनों को धमकाया। इसके बाद दो युवक स्कूटी से नीचे उतरे और सामान देने को कहा। विरोध करने पर चाकू मारने की धमकी दी। बदमाशों ने राहुल की जेब से करीब 30 हजार रुपए कीमत का मोबाइल और 500 रुपए नकद जबरन लूट लिया। वारदात के बाद तीनों आरोपी स्कूटी से फरार हो गए। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 309(3) के तहत अपराध दर्ज किया है।