मंदिर दर्शन करने गए युवक-युवती को बनाया बंधक, रुपए नहीं देने पर जेवर मांगने का आरोप

पहले 51 हजार, फिर 36 और 21 हजार रुपए मांगे; पांच घंटे तक बंधक रखने की शिकायत
महासमुंद। झगरेनडीह स्थित मनसा मंदिर दर्शन करने गए युवक-युवती को बंधक बनाकर रुपए वसूलने के प्रयास का मामला सामने आया है। मंदिर समिति का अध्यक्ष बताकर गाली-गलौज, मोबाइल और बाइक की चाबी छीनने तथा मारपीट करने के आरोप में सांकरा पुलिस ने नारायण प्रधान और उसके साथियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार बल्दीडीह निवासी भूपेश सिन्हा (18) 12 सितंबर की सुबह गांव की एक युवती के साथ झगरेनडीह मनसा मंदिर दर्शन करने गया था। दोनों मंदिर परिसर में बैठे थे, तभी नारायण प्रधान और उसके साथी वहां पहुंचे। आरोप है कि नारायण प्रधान ने खुद को मंदिर समिति का अध्यक्ष बताते हुए दोनों से गाली-गलौज की।
शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने युवक का मोबाइल और बाइक की चाबी छीनकर पहले 51 हजार रुपए मांगे। रुपए नहीं देने पर 36 हजार और उसके बाद 21 हजार रुपए देने की मांग की गई। इसके बाद युवती से पहने हुए सोने के जेवर मांगने का आरोप है। जेवर नहीं देने पर मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई।
युवक-युवती का आरोप है कि उन्हें सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक बंधक बनाकर रखा गया। बाद में परिजनों ने डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर दोनों को छुड़ाया गया। रिपोर्ट पर सांकरा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 308(2), 127(2), 296, 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।