घर में ताला लगाकर ससुराल गई महिला, लौटने पर टूटा मिला दरवाजा
गुल्लक में रखे 50 हजार नकद समेत 80,700 रुपए के सोने-चांदी के जेवर चोरी
महासमुंद। वर्धमान नगर में मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने सोने-चांदी के जेवर और नकदी समेत 80,700 रुपए का माल पार कर दिया। मामले में कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार वर्धमान नगर निवासी नम्रता गौड़ 11 सितंबर को मकान में ताला लगाकर पति अनिल निर्मलकर के साथ ससुराल ग्राम बेमचा गई थी। 12 सितंबर की सुबह वापस लौटने पर मकान के दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो आलमारी में रखे गुल्लक से करीब 50 हजार रुपए नकद गायब थे।
इसके अलावा दो नग सोने के कान के झुमके कीमत 25 हजार रुपए, दो नग चांदी की पायल कीमत 5 हजार रुपए, दो नग चांदी की बिछिया कीमत 500 रुपए और एक चांदी का सिक्का कीमत 200 रुपए भी नहीं मिले। चोरी गए सामान की कुल कीमत 80,700 रुपए बताई गई है। रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
