इमलीभाठा की दुकान में लगी आग, मौके पर पहुंचे विधायक सिन्हा

आसपास के लोगों से की मुलाकात, सुरक्षित रहने की अपील; अधिकारियों को हरसंभव मदद के निर्देश
महासमुंद। शहर के इमलीभाठा क्षेत्र में सोमवार को एक दुकान में अचानक आग लगने से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी और भय का माहौल बन गया। आगजनी की सूचना मिलते ही महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा तत्काल मौके पर पहुंचे। वहीं सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
विधायक सिन्हा ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ आसपास के निवासियों से मुलाकात कर आगजनी की जानकारी ली। उन्होंने लोगों से घटनाक्रम के संबंध में चर्चा करते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि संकट की इस घड़ी में वे उनके साथ हैं और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। विधायक ने लोगों से घटनास्थल से दूरी बनाए रखने और सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील भी की।
इसके साथ ही विधायक ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क कर घटना की जानकारी ली तथा प्रभावितों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करते हुए हरसंभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, भाजपा नेता संदीप घोष, गोविंद ठाकुर, एल्डरमैन हनीश बग्गा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।