महासमुंद को 10 करोड़ की विकास सौगात, नए बस स्टैंड और पालिका भवन का रास्ता साफ
डिप्टी सीएम अरुण साव की घोषणा के 15 दिन में मिली स्वीकृति, बस स्टैंड के लिए 6.50 करोड़ और नए कार्यालय भवन के लिए 3.50 करोड़ रुपए मंजूर
महासमुंद। छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव की 22 अगस्त 2026 को की गई घोषणा को अमलीजामा पहनाते हुए महासमुंद शहर के लिए अधोसंरचना मद से कुल 10 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। वर्ष 2026-27 के लिए नए बस स्टैंड निर्माण हेतु 650 लाख रुपए (6.50 करोड़) तथा नगर पालिका के नवीन कार्यालय भवन के लिए 350 लाख रुपए (3.50 करोड़) मंजूर किए गए हैं। इस संबंध में नगरीय प्रशासन संचालनालय का प्राविधिक पत्र नगर पालिका को प्राप्त हो गया है।
स्वीकृति मिलने के बाद नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष पवन पटेल, प्रतिपक्ष नेता नानू भाई सहित पार्षदों और जनप्रतिनिधियों ने हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, सांसद रूपकुमारी चौधरी और विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा के प्रति आभार जताया।
लंबे समय से उठ रही थी बस स्टैंड की मांग
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि महासमुंद में नए बस स्टैंड की मांग लंबे समय से चली आ रही थी। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. विमल चोपड़ा के कार्यकाल से यह मांग प्रमुखता से उठती रही है। अब शासन से राशि स्वीकृत होने के बाद इस बहुप्रतीक्षित परियोजना के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। नए बस स्टैंड के बनने से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ शहर की यातायात और परिवहन व्यवस्था को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। वहीं, नगर पालिका के नवीन कार्यालय भवन के निर्माण से पालिका के प्रशासनिक कार्यों के लिए बेहतर और व्यवस्थित अधोसंरचना उपलब्ध होगी।
विधायक के प्रयासों का बताया परिणाम
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा पिछले करीब एक वर्ष से नए बस स्टैंड और नगर पालिका के नवीन कार्यालय भवन के निर्माण के लिए लगातार प्रयास कर रहे थे। उनके प्रयासों के बाद नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने मांग को गंभीरता से लेते हुए घोषणा की और महज 15 दिनों के भीतर इसकी स्वीकृति भी जारी कर दी गई।
उन्होंने कहा कि 10 करोड़ रुपए की यह स्वीकृति महासमुंद शहर के लिए बड़ी विकास सौगात है। शासन द्वारा शीघ्र स्वीकृति दिए जाने से शहरवासियों में उत्साह का माहौल है। जनप्रतिनिधियों ने शहर की इन महत्वपूर्ण मांगों को शासन तक पहुंचाने और स्वीकृति दिलाने में सहयोग करने वाले वरिष्ठ भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और नागरिकों के प्रति भी आभार व्यक्त किया।
