नशा मुक्त भारत के लिए युवाओं ने लिया संकल्प, पीएम का संदेश सुनकर किया जनजागरण का आह्वान
‘नशा मुक्त युवा और विकसित भारत संकल्प’ अभियान का शुभारंभ, मंत्री गुरु खुशवंत सिंह बोले- युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत
महासमुंद। जिले में रविवार को “नशा मुक्त युवा और विकसित भारत संकल्प” अभियान के तहत जिला पंचायत सभागार में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं ने नशा मुक्त भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सीधा संदेश प्रसारित किया गया, जिसे जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में उपस्थित युवाओं ने गंभीरता से सुना। इसके बाद सभी ने नशे के खिलाफ जनजागरण चलाने तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत सिंह साहेब ने कहा कि युवाओं की पहचान नशे से नहीं, बल्कि उनके कौशल, प्रतिभा और सकारात्मक सोच से होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लगभग 100 दिनों तक चलने वाला व्यापक जन-जागरूकता अभियान है। भारत विश्व की सबसे बड़ी युवा आबादी वाला देश है और यदि युवा अपनी ऊर्जा नवाचार, कौशल विकास तथा आत्मनिर्भरता की दिशा में लगाएंगे तो विकसित भारत का सपना शीघ्र साकार होगा। उन्होंने संत गुरु घासीदास के नशामुक्ति संबंधी संदेश को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई को जनआंदोलन बनाना होगा।
महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि देशभर के करीब 10 हजार संस्थानों में युवा एक साथ नशामुक्ति का संकल्प ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिज्ञासा या शौक से शुरू होने वाला नशा धीरे-धीरे व्यक्ति की आदत बन जाता है और उसका भविष्य बर्बाद कर देता है। स्वस्थ और जागरूक युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं।
छत्तीसगढ़ बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर ने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपने भविष्य को संवारने का आह्वान किया। वहीं कृषक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश नशामुक्ति की दिशा में आगे बढ़ रहा है और युवाओं की भागीदारी से यह अभियान और प्रभावी बनेगा।
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष सरला कोसरिया ने कहा कि किसी भी प्रकार का नशा व्यक्ति के तन, मन और पूरे जीवन को प्रभावित करता है। जिला स्काउट-गाइड संघ के अध्यक्ष येतराम साहू ने कहा कि युवाओं को अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण और रचनात्मक कार्यों में लगानी चाहिए, क्योंकि “नशा ही नाश की जड़ है।”
कार्यक्रम में पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोगरा पटेल, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, महेंद्र सिक्का, राहुल चंद्राकर, जिला पंचायत सदस्य, पार्षदगण, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुपमा आनंद सहित माय भारत, समाज कल्याण, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का स्मृति-चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया।
