रक्षाबंधन पर अमेठी की बहनों ने वीर जवानों को भेजा रक्षा सूत्र, देशभक्ति से भरे संदेशों ने जीता दिल
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, मितानिन एवं ग्रामीण महिलाओं ने स्वयं तैयार की राखियां, सेना के जवानों के प्रति जताया सम्मान और स्नेह
महासमुंद। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर विकासखंड बागबाहरा के सेक्टर खमरिया अंतर्गत ग्राम अमेठी की महिलाओं ने देश की सीमाओं पर तैनात वीर सैनिकों के प्रति अपनी श्रद्धा, सम्मान और आत्मीयता का अनूठा परिचय दिया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, मितानिनों एवं ग्रामीण महिलाओं ने अपने हाथों से राखियां तैयार कर सेना के जवानों को भेजीं। राखियों के साथ देशभक्ति, सम्मान और शुभकामनाओं से भरे पत्र भी प्रेषित किए गए, जिनमें जवानों के स्वस्थ, सुरक्षित और दीर्घायु जीवन की कामना की गई।
इस अवसर पर महिलाओं ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि देश की रक्षा में दिन-रात सीमाओं पर डटे उन वीर सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का भी अवसर है, जिनकी बदौलत देशवासी सुरक्षित जीवन जी रहे हैं। बहनों ने अपने संदेश में लिखा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिक पूरे राष्ट्र के भाई हैं और उनके प्रति सम्मान प्रकट करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। प्रभारी सीडीपीओ सुश्री भावना गुप्ता के दिशानिर्देश पर कार्यक्रम में विकासखंड बागबाहरा, सेक्टर खम्हरिया की सुपरवाइजर हीरा ध्रुव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं छत्तीसगढ़ जूझारू आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका कल्याण संघ की जिलाध्यक्ष सरोज चंद्राकर, कार्यकर्ता त्रिवेणी निषाद, प्रीति ध्रुव, पदमा नागेश, पंच अहिल्याबाई नागेश, मितानिन कुमारी ध्रुव, उमा, देवकी, बसंती बाई, जागेश्वरी, मुन्नी बाई, अन्नू, उर्मिला, कुमारी, बिंदाबाई, घांसीन, मोतिम, ममता, रेखा चंद्राकर, सुमित्रा संवरा, कांति ध्रुव, भोज कुमारी, परमेश्वरी यादव सहित अनेक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
महिलाओं ने कहा कि सैनिक केवल अपने परिवार के ही नहीं, बल्कि पूरे देश की बहनों के रक्षक हैं। उन्हें राखी भेजकर सभी बहनों ने उनके प्रति अपना स्नेह, सम्मान और विश्वास व्यक्त किया है। महिलाओं ने विश्वास जताया कि यह छोटा-सा प्रयास सीमाओं पर तैनात जवानों का मनोबल बढ़ाने के साथ ही समाज में राष्ट्रभक्ति और भाईचारे की भावना को भी मजबूत करेगा।
