जिला साहू संघ की बैठक में सामाजिक प्रकरणों पर मंथन, कई मामलों का हुआ सर्वसम्मति से निराकरण

संगठन की मजबूती, सामाजिक समरसता और अनुशासन पर जोर; समाजहित में लिए गए निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन का लिया संकल्प
महासमुंद। जिला साहू संघ महासमुंद की आवश्यक बैठक शनिवार को कर्मा सदन, बीटीआई रोड स्थित सभागार में जिलाध्यक्ष प्रो. ढालूराम साहू की अध्यक्षता एवं जिला सलाहकार महेंद्र साहू के सभापतित्व में आयोजित हुई। बैठक में समाज से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों, प्राप्त सामाजिक प्रकरणों तथा संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए कई मामलों का सर्वसम्मति से निराकरण किया गया, वहीं अन्य आवश्यक विषयों पर भी निर्णय लिए गए।
बैठक में संगठन की मजबूती, सामाजिक समरसता, अनुशासन, पारदर्शिता तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने समाजहित से जुड़े मुद्दों के त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष प्रो. ढालूराम साहू ने कहा कि समाज की एकता, अनुशासन और पारदर्शिता ही संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सामाजिक प्रकरण का निष्पक्ष और समयबद्ध समाधान जिला साहू संघ की प्राथमिकता है। समाज के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि प्रत्येक व्यक्ति को न्याय, सहयोग और सम्मान मिल सके। उन्होंने समाजहित को सर्वोपरि रखते हुए सभी से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
बैठक में जिला संरक्षक धरमदास साहू, जिला महामंत्री नंद कुमार साहू एवं डॉ. तरुण साहू, तहसील अध्यक्ष एवन साहू (बागबाहरा), ललित साहू (महासमुंद), महेंद्र साव (बसना), जिला उपाध्यक्ष मुन्नालाल साहू, जिला न्याय प्रकोष्ठ संयोजक नूतन साहू, जिला अंकेक्षक अरुण साहू, संयुक्त सचिव गुहनलाल साहू, कोषाध्यक्ष केवल साहू सहित विभिन्न तहसीलों एवं परिक्षेत्रों के पदाधिकारी, महिला प्रकोष्ठ, किसान प्रकोष्ठ के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में समाज के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक का संचालन जिला न्याय प्रकोष्ठ संयोजक नूतन साहू ने किया। अंत में समाजहित में लिए गए निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन का सामूहिक संकल्प लिया गया। कार्यक्रम की जानकारी जिला साहू संघ के मीडिया प्रभारी नवीन कुमार साव एवं नोहर साहू ने संयुक्त रूप से दी।

इन्हें भी पढ़े