श्रावण के प्रथम दिन शुरू हुआ एक माह का महारूद्राभिषेक, 11वें वर्ष भी विधायक परिवार करा रहा भव्य आयोजन
विधायक जनदर्शन कार्यालय परिसर में प्रतिदिन रुद्राभिषेक, हवन-पूजन व रामायण मंडली की प्रस्तुति होगी, प्रत्येक सोमवार को श्रद्धालुओं में होगा रुद्राक्ष वितरण
महासमुंद। श्रावण मास के शुभारंभ के साथ ही महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा परिवार द्वारा लगातार 11वें वर्ष आयोजित किए जा रहे एक माह के महारूद्राभिषेक एवं हवन-पूजन महायज्ञ का गुरुवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। विशाल मेगा मार्ट परिसर के समीप स्थित विधायक जनदर्शन कार्यालय के पीछे आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में पहले ही दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। वैदिक मंत्रोच्चार, हवन और भगवान शिव के रुद्राभिषेक से पूरा वातावरण शिवमय एवं भक्तिमय हो उठा।
प्रथम दिन सुबह 9 बजे वेदी पूजा के साथ अनुष्ठान की शुरुआत हुई। इसके पश्चात विभिन्न स्थानों से पधारे विद्वान पुरोहितों ने वैदिक विधि-विधान के साथ महारूद्राभिषेक संपन्न कराया। दोपहर करीब 12 बजे महाआरती के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। दिनभर चले धार्मिक अनुष्ठान में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
आयोजन समिति के अनुसार श्रावण मास भर प्रतिदिन सुबह से रुद्राभिषेक, हवन-पूजन एवं आरती का क्रम जारी रहेगा। इसके साथ ही प्रतिदिन रामायण मंडली द्वारा भक्ति संगीत एवं धार्मिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी, जिससे पूरे माह श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना रहेगा।
प्रत्येक सोमवार होगा रुद्राक्ष वितरण
आयोजन की विशेषता के रूप में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रद्धालुओं के बीच पवित्र रुद्राक्ष का वितरण किया जाएगा। श्रावण मास के प्रथम सोमवार 3 अगस्त को रुद्राक्ष वितरण का शुभारंभ होगा। इसके बाद 10 अगस्त, 17 अगस्त और 24 अगस्त को भी प्रत्येक सोमवार श्रद्धालुओं को रुद्राक्ष वितरित किए जाएंगे।
आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे श्रावण मास के पावन अवसर पर आयोजित महारूद्राभिषेक एवं हवन-पूजन में शामिल होकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद एवं पुण्यलाभ प्राप्त करें।
