शराब के नशे में दो भाइयों ने युवक को डंडे से पीटा

महासमुंद। बसना थाना क्षेत्र में शराब के नशे में गाली-गलौज और मारपीट करने वाले दो सगे भाइयों के खिलाफ पुलिस ने अपराध दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार ग्राम गौरटेक निवासी दीपक बरिहा 29 जुलाई को अपने मित्र अमन दास के साथ बाइक से सामान लेने दुकान जा रहा था। इसी दौरान विनोद निर्मलकर और दिनेश निर्मलकर ने शराब के नशे में दोनों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। बताया गया कि दुकान से लौटते समय भी दोनों आरोपियों ने फिर से अभद्रता की। विरोध करने पर आरोपियों ने डंडे से हमला कर दीपक और उसके साथी की पिटाई कर दी। पीड़ित की रिपोर्ट पर बसना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 296, 3(5) एवं 351(3) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।