कलेक्टर ने की अपील- मानसून में बरतें सावधानी
नदी-नालों और जलमग्न मार्गों को पार करने से बचें
नारायणपुर, 31 जुलाई 2026// जिले में लगातार हो रही बारिश और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए कलेक्टर नम्रता जैन ने आम नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान थोड़ी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए सभी लोग प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें।
कलेक्टर ने नागरिकों से आग्रह किया है कि उफनते नदी-नालों, पुल-पुलियों एवं जलमग्न मार्गों को पार करने का प्रयास न करें। यात्रा पर निकलने से पहले मार्ग की स्थिति की जानकारी अवश्य लें तथा मौसम विभाग और जिला प्रशासन की ओर से जारी सूचनाओं पर लगातार नजर रखें।
उन्होंने कहा कि कीचड़युक्त और जलभराव वाले रास्तों पर वाहन तेज गति से न चलाएं तथा अनावश्यक यात्रा से बचें। निचले इलाकों में रहने वाले लोग सुरक्षित स्थानों पर जाने की तैयारी रखें और बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। आपातकालीन स्थिति के लिए टॉर्च, दवाइयां, पीने का पानी एवं अन्य आवश्यक सामग्री पहले से तैयार रखें।
कलेक्टर ने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस अथवा जिला प्रशासन को देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और नागरिकों की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है, लेकिन सभी के सहयोग और सावधानी से ही किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सकता है।
मानसून में सावधानी ही सुरक्षा है इसी संदेश के साथ जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क, सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने का आग्रह किया है।
