गाली देने से रोका तो दो लोगों से मारपीट

महासमुंद। बसना थाना क्षेत्र के ग्राम मनकी में गाली-गलौज का विरोध करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। विरोध करने पर तीन आरोपियों ने दो लोगों के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार 29 जुलाई की शाम करीब छह बजे ग्राम मनकी स्थित पानी टंकी के पास परमानंद सिदार, जितेंद्र सिदार और शंभू यादव गाली-गलौज कर रहे थे। इसी दौरान महेंद्र तांडी ने उन्हें ऐसा करने से मना किया, जिससे नाराज होकर तीनों ने महेंद्र के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। बीच-बचाव करने पहुंचे ग्राम लाटादादर निवासी समीर चौहान के साथ भी आरोपियों ने मारपीट कर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर धारा 115(2), 296, 3(5) एवं 351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।