अवैध शराब कारोबार पर दोहरी चोट, सात आरोपी गिरफ्तार
कोमाखान पुलिस ने 7.40 लाख की संपत्ति जब्त की, पिथौरा में 210 लीटर महुआ शराब और 150 किलो लाहन बरामद
महासमुंद। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस और आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। कोमाखान पुलिस और आबकारी विभाग ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लाखों रुपये की संपत्ति जब्त की है, जबकि आबकारी विभाग ने बड़ी मात्रा में महुआ शराब और लाहन बरामद किया है।
कोमाखान पुलिस ने अवैध शराब कारोबार से जुड़े छह आरोपियों में लोकनाथ कुमार नोनिया, उपेंद्र कुमार सिंह, रणजीत सिंह, नथुनी प्रजापति, आशीष जांगड़े एवं रोहित साहू को गिरफ्तार किया। पुलिस ने करीब 7.40 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की, जिसमें एक ईको कार (सीजी-04 एनव्ही-8697), एक एक्टिवा स्कूटी (सीजी-06 जीएक्स-0858), एक इंडेन गैस सिलेंडर, शराब डिग्री मापक यंत्र, सामान्य मापक यंत्र, शराब भरने की दो चाड़ियां तथा सैमसंग, रियलमी, इन्फिनिक्स और वीवो कंपनी के छह मोबाइल शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 35, 49(ख)(ग) तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 274, 275 एवं 347 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
वहीं, पिथौरा थाना क्षेत्र के ग्राम सुखीपाली में आबकारी विभाग ने दबिश देकर आरोपी हरी सिंह को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 210 बल्क लीटर महुआ शराब तथा 150 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया। जब्त शराब की कीमत 42 हजार रुपये तथा लाहन की कीमत 7,500 रुपये आंकी गई है। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क)(च), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
32 गैर-जमानती प्रकरण दर्ज
जिला आबकारी कार्यालय के अनुसार चालू सत्र में अब तक आबकारी अधिनियम की गैर-जमानती धारा 34(2) के तहत 32 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं। विभाग ने 1,294.66 लीटर अवैध शराब जब्त कर 25 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 8 वाहन भी जब्त किए गए हैं। जब्त वाहनों की अनुमानित कीमत 7.50 लाख रुपये तथा बरामद शराब की कीमत 3.23 लाख रुपये है। इस प्रकार विभाग अब तक 10.73 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त कर अवैध शराब कारोबारियों पर प्रभावी कार्रवाई कर चुका है।
