सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों का आज होगा अभिषेक

रुद्राभिषेक एवं हवन-पूजन में शामिल हुए कर्मकार कल्याण मंडल अध्यक्ष, विधायक ने सपरिवार की पूजा-अर्चना
महासमुंद। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा परिवार द्वारा आयोजित एक माह के रुद्राभिषेक एवं हवन-पूजन कार्यक्रम में बुधवार को छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह शामिल हुए। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा भी सपरिवार पूजा-अर्चना में शामिल हुए।
इस अवसर पर डॉ. रामप्रताप सिंह, विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा सहित श्रद्धालुओं ने पार्थिव शिवलिंग का विधिवत अभिषेक किया। पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ रुद्राभिषेक संपन्न कराया। इसके बाद महादेव की आरती की गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
डॉ. रामप्रताप सिंह ने कहा कि महादेव देवों के देव हैं और श्रावण मास में उनकी आराधना का विशेष महत्व है। जो भक्त सच्ची श्रद्धा से महादेव की शरण में आते हैं, उनकी मनोकामनाएं भगवान शिव अवश्य पूर्ण करते हैं। उन्होंने विधायक सिन्हा एवं उनके परिवार को इस धार्मिक एवं पुण्य आयोजन के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।
विधायक ने कहा कि महादेव की सेवा में ही जीवन का सार छिपा है। हम तो केवल माध्यम हैं, करने वाले स्वयं महादेव हैं। श्रावण मास में भगवान शिव की आराधना और सेवा करना परम सौभाग्य की बात है।
आज सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों का अभिषेक
एक माह से चल रहे रुद्राभिषेक एवं हवन-पूजन कार्यक्रम के तहत गुरुवार को सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण कर उनका विधिवत अभिषेक किया गया। अभिषेक के बाद पार्थिव शिवलिंगों को विसर्जन के लिए शोभायात्रा के माध्यम से बम्हनी ले जाया जाएगा। इसके पश्चात शुक्रवार को पूर्णाहुति के साथ एक माह तक चले रुद्राभिषेक एवं हवन-पूजन कार्यक्रम का विधिवत समापन होगा।