ओडिशा की 142.60 लीटर अवैध शराब जब्त, दो गिरफ्तार, एक फरार
बागबाहरा वृत्त में आबकारी विभाग की कार्रवाई, बाइक भी जब्त
महासमुंद। आबकारी विभाग ने बागबाहरा वृत्त में कार्रवाई करते हुए ओडिशा निर्मित 142.60 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की है। दो अलग-अलग प्रकरणों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी फरार हो गया। दोनों मामलों में आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पहली कार्रवाई बिहाझर से फुलवारी कच्चे मार्ग पर की गई। यहां तेजूराम निराला को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका साथी संतोष ब्रह्मदेव मौके से फरार हो गया। टीम ने आरोपियों के कब्जे से ओडिशा निर्मित हिरण छाप शराब के 75 पाउच (15 बल्क लीटर) तथा एक बाइक (क्रमांक …7145) जब्त की। दोनों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
दूसरी कार्रवाई मुनगासेर गांव में की गई, जहां मायाराम ढीमर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 638 हिरण छाप शराब पाउच, कुल 127.60 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद की गई। इस मामले में भी आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 59(क) के तहत कार्रवाई की गई।
आबकारी विभाग ने दोनों मामलों में कुल 142.60 बल्क लीटर अवैध ओडिशा निर्मित शराब जब्त की है। कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक ह्रदय कुमार तिरपुड़े, अनिल झारिया, आरती साहू, आबकारी मुख्य आरक्षक संजय मरकाम, आबकारी आरक्षक सैयद इरफान अली, संजय तिवारी तथा महासमुंद आबकारी स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
