सरस्वती साइकिल योजना से बेटियों को मिली नई उड़ान

खल्लारी विधानसभा के सुखरीडबरी, नर्रा और परसुली में 162 छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरण
महासमुंद। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल वितरण योजना के तहत खल्लारी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सुखरीडबरी, नर्रा एवं परसुली में आयोजित कार्यक्रमों में जिला पंचायत महासमुंद के उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान तीनों शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों की 162 छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरित की गई। साइकिल मिलने से ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं के लिए विद्यालय तक आवागमन आसान होने के साथ उनकी शिक्षा की निरंतरता को भी मजबूती मिलेगी।
ग्रामीण बेटियों के लिए आवागमन की सुविधा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भीखम सिंह ठाकुर ने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना बेटियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने वाली महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है। ग्रामीण क्षेत्रों में विद्यालय दूर होने के कारण छात्राओं को आने-जाने में होने वाली कठिनाइयों को यह योजना काफी हद तक दूर कर रही है। साइकिल मिलने से छात्राओं का आवागमन सुगम होने के साथ उनके आत्मविश्वास में भी वृद्धि होती है और वे बिना बाधा अपनी पढ़ाई जारी रख सकती हैं।
उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा में किया गया निवेश ही मजबूत समाज और विकसित राष्ट्र की सबसे बड़ी नींव है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में शिक्षा की अहम भूमिका है। बेटियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराना उनके भविष्य को संवारने के साथ समाज और राष्ट्र के विकास को भी मजबूत आधार देता है।
जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की रही सहभागिता
सुखरीडबरी में कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच जानकी ठाकुर ने की। विशेष अतिथि के रूप में अलका चंद्राकर, डिम्पल डाली ध्रुव, लोकेश पुनुरिया, कृष्णा चक्रधारी, संजय मालवे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
नर्रा में कार्यक्रम की अध्यक्षता रूपेंद्र साहू, अध्यक्ष शाला प्रबंधन समिति ने की। इस अवसर पर सरपंच नामेश्वरी दिवाकर, पूर्व जनपद सदस्य उमेश जैन, भाजपा मंडल महामंत्री लेखमणि पटेल, उपसरपंच लोकनाथ पटेल सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं और पालकगण मौजूद रहे।
परसुली में कार्यक्रम की अध्यक्षता डिगेश्वरी साहू, अध्यक्ष शाला प्रबंधन समिति ने की। जनपद सदस्य लता कुम्हार, सरपंच जलसिंह चक्रधारी, प्रभा पटेल, लीला दीवान, खिलेश्वरी सिन्हा, भाजपा मंडल महामंत्री लेखमनी पटेल, महिला मोर्चा मंडल उपाध्यक्ष किरण यदु सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
मेहनत और लगन से आगे बढ़ने का आह्वान
श्री ठाकुर ने सभी छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे पूरी लगन और मेहनत के साथ शिक्षा प्राप्त करें तथा अपने परिवार, क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि शासन की ऐसी योजनाओं का उद्देश्य केवल सुविधा उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि बेटियों को शिक्षा, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है।