अवैध शराब के खिलाफ पुलिस का अभियान तेज, चार आरोपी गिरफ्तार

सरायपाली, सिंघोड़ा और पिथौरा क्षेत्र में छापेमारी; 22.190 लीटर अवैध शराब जब्त
महासमुंद। जिले में अवैध महुआ शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में पुलिस ने सरायपाली, सिंघोड़ा और पिथौरा थाना क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 22.190 लीटर अवैध महुआ व देशी शराब, जिसकी कुल कीमत 4,540 रुपये है, जब्त की गई।
सरायपाली थाना क्षेत्र के ग्राम बालसी में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर विक्रम रात्रे (23) को 10 लीटर महुआ शराब के साथ पकड़ा। जब्त शराब की कीमत करीब 2,000 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई।
सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम कंवरपाली में पुलिस ने नेहरू लाल रौतिया (68) के घर की बाड़ी में दबिश दी। यहां बिक्री के लिए रखी 12 लीटर महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 2,400 रुपये है। आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
वहीं पिथौरा थाना क्षेत्र में सीजी-53 ढाबा और लहरौद स्थित एक दुकान में पुलिस ने कार्रवाई की। ढाबा संचालक विरेन्द्र कुमार पटेल (31) के पास से 100 एमएल तथा लहरौद में तारणीश शुक्ला (27) के पास से 90 एमएल देशी प्लेन शराब बरामद हुई। दोनों पर ग्राहकों को शराब पीने-पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने के आरोप में आबकारी एक्ट की धारा 36(सी) के तहत कार्रवाई की गई।