महामाया मंदिर में शिव-पार्वती विवाह उत्सव, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा परिसर

श्रावणी पूजा के तहत पूरे माह विशेष रुद्राभिषेक का आयोजन, बड़ी संख्या में श्रद्धालु हुए शामिल
महासमुंद। सावन माह के पावन अवसर पर महामाया मंदिर परिसर में एक माह तक चल रहे श्रावणी पूजा एवं विशेष रुद्राभिषेक कार्यक्रम के तहत 25 अगस्त को भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। यजमान श्रीमती सीतादेवी मनोजकांत साहू परिवार द्वारा आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से सहभागिता की।
इस अवसर पर नगर के विद्वान पुरोहित पंडित पंकज तिवारी ने भगवान शिव की महिमा, उनके दिव्य स्वरूप तथा शिव-पार्वती विवाह की पौराणिक कथा का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने कहा कि सावन माह में भगवान शिव की आराधना और रुद्राभिषेक का विशेष महत्व है। श्रद्धा एवं भक्ति के साथ की गई शिव आराधना से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
शिव-पार्वती विवाह उत्सव के दौरान महामाया मंदिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया था। बड़ी संख्या में नगर के धर्मप्रेमी नागरिक, माताएं-बहनें और युवा श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल हुए। धार्मिक अनुष्ठान और विवाह उत्सव के दौरान गूंजते ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर शिवमय हो गया।