36 प्रतिशत ही हुई थी राजस्व वसूली, अब सख्त होगी कार्रवाई
सीएमओ की अपील- बकाया संपत्ति कर, जलकर, बाजार किराया सहित सभी देय राशि तत्काल जमा करें, अन्यथा सार्वजनिक होंगे नाम और होगी कानूनी कार्रवाई
महासमुंद। नगर पालिका परिषद महासमुंद ने बकाया कर वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाया है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी सौरभ शर्मा ने नगर क्षेत्र के सभी नागरिकों, व्यापारियों, प्रतिष्ठान संचालकों एवं संपत्ति स्वामियों से लंबित संपत्ति कर, जलकर, समेकित कर, बाजार किराया, यूजर चार्ज तथा अन्य सभी देयों का तत्काल भुगतान करने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लाखों रुपये की कर एवं शुल्क राशि अभी भी बकाया है, जिससे नगर के विकास कार्यों और मूलभूत नागरिक सुविधाओं के संचालन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
सीएमओ श्री शर्मा ने बताया कि विगत वित्तीय वर्ष में निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले केवल 36 प्रतिशत राजस्व वसूली ही हो सकी थी, जो अत्यंत निराशाजनक रही। लक्ष्य के अनुरूप राजस्व प्राप्त नहीं होने से नगर पालिका की वित्तीय व्यवस्था प्रभावित हुई और कई विकास कार्यों के संचालन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इसी कारण चालू वित्तीय वर्ष में राजस्व संग्रहण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।
उन्होंने बताया कि राजस्व वसूली कार्य की नियमित समीक्षा की जा रही है। जिन अधिकारियों एवं कर्मचारियों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं पाया गया अथवा जो निर्धारित लक्ष्य हासिल नहीं कर सके, उन्हें वसूली कार्य से हटाकर उनकी जिम्मेदारी अन्य सक्षम कर्मचारियों को सौंप दी गई है। आगे भी कार्य के प्रदर्शन के आधार पर ही जिम्मेदारियां तय की जाएंगी।
वार्डवार विशेष अभियान, घर-घर पहुंच रहा राजस्व अमला
नगर पालिका द्वारा प्रत्येक वार्ड में विशेष राजस्व वसूली अभियान चलाया जा रहा है। राजस्व अमला घर-घर जाकर करदाताओं से संपर्क कर रहा है और उन्हें बकाया कर जमा करने के लिए प्रेरित कर रहा है। इसके बावजूद बार-बार सूचना और अवसर दिए जाने के बाद भी कर जमा नहीं करने वाले बकायादारों के नाम नियमानुसार सार्वजनिक किए जाएंगे।
नहीं चुकाया बकाया तो होगी न्यायालयीन कार्रवाई
मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि आवश्यक हुआ तो नगर पालिका अपने राजस्व की सुरक्षा के लिए सक्षम न्यायालय की शरण लेगी। छत्तीसगढ़ नगर पालिका अधिनियम एवं अन्य लागू विधिक प्रावधानों के तहत सभी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। न्यायालयीन प्रक्रिया, ब्याज एवं अन्य व्यय का पूरा उत्तरदायित्व संबंधित बकायादार पर ही होगा।
करदाता निभाएं जिम्मेदारी, तभी होगा शहर का विकास
श्री शर्मा ने कहा कि समय पर कर जमा करने वाले नागरिकों के हितों की रक्षा करना भी नगर पालिका की जिम्मेदारी है। सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, कचरा प्रबंधन, उद्यानों के रखरखाव तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का संचालन नागरिकों द्वारा जमा किए गए कर से ही संभव होता है। उन्होंने सभी बकायादारों से अंतिम अवसर का लाभ उठाते हुए बिना विलंब अपने लंबित करों का भुगतान करने तथा नगर के विकास में सहभागी बनने की अपील की।
