नेपाल में फंसे छत्तीसगढ़वासियों की मदद के लिए हेल्पलाइन जारी
बाढ़-भूस्खलन के बीच राज्य सरकार ने बढ़ाया सहायता का हाथ, जिला प्रशासन ने भी जारी किया नियंत्रण कक्ष का नंबर
महासमुंद। नेपाल में बाढ़ एवं भूस्खलन के कारण फंसे छत्तीसगढ़ के नागरिकों की सहायता के लिए राज्य सरकार ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। संकट की स्थिति में फंसे नागरिक अथवा उनके परिजन सहायता एवं आवश्यक जानकारी के लिए आपदा प्रबंधन हेल्पलाइन नंबर 1070 तथा दूरभाष क्रमांक 0771-2223471 पर संपर्क कर सकते हैं।
जिला प्रशासन महासमुंद ने भी जिले के नागरिकों एवं उनके परिजनों की सहायता के लिए आपदा नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 07723-223305 जारी किया है। प्रशासन ने अपील की है कि नेपाल में फंसे जिले के किसी नागरिक से संबंधित जानकारी या सहायता की आवश्यकता होने पर तत्काल नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें।
सुरक्षित वापसी के लिए प्रशासन तत्पर
जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन प्रत्येक नागरिक के साथ खड़ा है। नेपाल में फंसे नागरिकों की सुरक्षित वापसी तथा आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है।
