अवैध महुआ शराब भट्ठी पर पुलिस की छापेमारी

150 लीटर महुआ शराब और उपकरण जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार
महासमुंद। जिले में अवैध शराब निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिथौरा पुलिस कार्रवाई करते हुए ग्राम सुखीपाली में संचालित अवैध महुआ शराब भट्ठी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 150 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब तथा शराब बनाने में प्रयुक्त उपकरण जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम सुखीपाली स्थित सागौन प्लांट से लगे खेत में एक व्यक्ति अवैध रूप से महुआ शराब का निर्माण कर रहा है। सूचना के आधार पर थाना पिथौरा की टीम ने तड़के दबिश देकर घेराबंदी की और मौके पर कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने अग्नि कुमार रात्रे (31 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 09, शांतिनगर सुखीपाली, थाना पिथौरा को अवैध रूप से महुआ शराब बनाते हुए पकड़ा। उसके कब्जे से 150 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 32 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब निर्माण में उपयोग किए जा रहे दो बड़े बर्तन भी जब्त किए गए, जिनकी कीमत लगभग 3 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने कुल 35 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।