भोरिंग में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर गूंजा योग का संदेश

खेलो इंडिया तीरंदाजी सेंटर व एकलव्य विद्यालय में सामूहिक योगाभ्यास, राष्ट्रीय खिलाड़ी हुए सम्मानित
महासमुंद। जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन खेलो इंडिया तीरंदाजी सेंटर, एकलव्य आवासीय विद्यालय भोरिंग तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भोरिंग में उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, शिक्षकों, छात्रावास स्टाफ तथा गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
योग दिवस कार्यक्रम में प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने वृक्षासन, ताड़ासन, त्रिकोणासन, वज्रासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति, प्राणायाम एवं ध्यान सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया। इस दौरान सभी ने नियमित योग कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम में एकलव्य आवासीय विद्यालय भोरिंग के प्राचार्य महेंद्र टंडन, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भोरिंग की प्राचार्य कामेश्वरी साहू, व्यायाम शिक्षक डॉ. सुनील कुमार भोई, जगदीश धीवर, अभिषेक निर्मलकर सहित अन्य शिक्षक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा जिले के राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों का सम्मान भी किया गया। सम्मानित खिलाड़ियों में मॉडर्न पेंटाथलॉन के अभिषेक निर्मलकर, निमेश मन्नाडे, आयुष निर्मलकर एवं अभिषेक नेहरू, रग्बी खिलाड़ी सुभाष शर्मा, भूपेंद्र साहू एवं झलक ध्रुव, बेसबॉल खिलाड़ी शालनी मानिकपुरी एवं केशरी साहू तथा तीरंदाजी खिलाड़ी डोमेश्वरी साहू शामिल रहे।
योग दिवस के आयोजन ने प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवन, मानसिक संतुलन और सकारात्मक सोच का संदेश देते हुए योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।