ओडिशा में बैठे गांजा तस्करी के मुख्य सोर्स तक पहुंची पुलिस

17.5 किलो गांजा मामले में जंगल-पहाड़ के बीच गांव से मास्टरमाइंड गिरफ्तार
महासमुंद। जिले की कोमाखान पुलिस ने गांजा तस्करी के एक मामले में ओडिशा के बौद्ध जिले से मुख्य सप्लायर (सोर्स) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पहले गिरफ्तार किए गए गांजा परिवहनकर्ताओं से मिली जानकारी और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर कार्रवाई करते हुए तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ते हुए मुख्य आरोपी तक पहुंच बनाई।
पुलिस के अनुसार, 17 जून 2026 को ग्राम टेमरी जांच नाका के पास मुखबिर की सूचना पर एक टाटा इंडिका कार (एमपी-04-सीबी-0848) को रोककर तलाशी ली गई थी। इस दौरान वाहन से 17.500 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया था, जिसकी कीमत लगभग 8 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई है। मामले में शिवपुरी (मध्यप्रदेश) निवासी दिनेश गिरी गोस्वामी (35) और ललिता जाटव (26) को गिरफ्तार किया गया था।
भवानीपटना से शिवपुरी ले जाया जा रहा था गांजा
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा ओडिशा के भवानीपटना क्षेत्र से खरीदकर मध्यप्रदेश के शिवपुरी में बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि तस्करी के दौरान महिला और बच्चे का उपयोग ढाल के रूप में किया गया था ताकि पुलिस को संदेह न हो।
मामले में थाना कोमाखान में अपराध धारा 20 (बी)(ii)(बी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया था।

डेढ़ किलोमीटर कच्चे रास्ते और घने जंगल पार कर आरोपी तक पहुंची पुलिस
प्रकरण की गहन जांच के दौरान महासमुंद पुलिस की एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स ने गिरफ्तार परिवहनकर्ताओं से मिली जानकारी और तकनीकी टीम की मदद से मुख्य सप्लायर की लोकेशन ट्रैक की। इसके बाद पुलिस टीम ओडिशा के बौद्ध जिले के थाना घंटापड़ा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुंडमेंडा पहुंची। घने जंगल, पहाड़ी क्षेत्र और लगभग डेढ़ किलोमीटर कच्चे मार्ग को पार कर पुलिस ने आरोपी हरीशचंद्र प्रधान (35) को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर महासमुंद लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
मुख्य आरोपी हरीशचंद्र प्रधान गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरीशचंद्र प्रधान पिता पुरंदर प्रधान (35) निवासी ग्राम गुंडमेंडा, पोस्ट उडेन, तहसील कंटामाल, थाना घंटापड़ा, जिला बौद्ध (ओडिशा) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वही गांजा उपलब्ध कराने वाला मुख्य सोर्स था।